मौसम बदलने के साथ-साथ खानपान और डेली रूटीन में भी बदलाव होता है। जिसके चलते कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने का खतरा रहता है। गर्मियों में दही का सेवन न केवल ताजगी देता है, बल्कि यह शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ कई बीमारियों का इलाज भी करता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, दही में प्रोटीन, कैल्शियम और प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो हमारी सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। खासकर गर्मियों में दही के सेवन से थकान, डिहाइड्रेशन, पेट की समस्याएं और रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी बूस्ट होती है।
रोजाना एक कटोरी दही का सेवन करना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक तत्व और पोषक तत्वों की भरपूर मात्रा पाचन क्रिया को बेहतर बनाने के साथ ही इम्यूनिटी और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करती है, लेकिन क्या आप इसे खाने का सही समय जानते हैं? अगर आप सुबह नाश्ते में दही का सेवन करते हैं तो आपको इससे कई फायदे मिलेंगे। चलिए आपको बताते हैं कि सुबह नाश्ते में दही खाने से सेहत पर क्या असर पड़ता है? डायटीशियन मनीषा गोयल ने दही के फायदे बताए हैं।
दही के पोषक तत्व
दही में शरीर को फायदा पहुंचाने वाले कई पोषक तत्व होते हैं। दही में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, शुगर, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, पोटैशियम, सोडियम, जिंक, कॉपर, सेलेनियम और फैटी एसिड भरपूर मात्रा में होते हैं। इसके अलावा दही में विटामिन-A, विटामिन-B, विटामिन-B6, विटामिन-B12, विटामिन-C, विटामिन-K, विटामिन-D भी अच्छी मात्रा में होता है।
हार्ट के लिए लाभकारी
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के अनुसार, दही का सेवन करने से करने से हृदय रोगों से बचा जा सकता है। दरअसल, कोरोनरी हार्ट डिजीज के चलते ब्लड वेसल्स नैरो और सख्त होने लगती है। वेसल्स में बढ़ने वाली प्लाक की मात्रा हार्ट रोगों, मोटापा और एथेरोस्क्लेरोसिस का जोखिम बढ़ जाता है।
पेट की समस्याओं से मिलेगी राहत
दही में लैक्टोबैसिलस और अन्य प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो आंतों में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं। यह पाचन प्रक्रिया को सुधारता है और पेट की समस्याओं जैसे गैस, अपच और कब्ज़ से राहत दिलाता है। गर्मी में दही को ताजे फल या शहद के साथ खाएं। इससे पाचन तंत्र को आराम मिलेगा और पेट हल्का रहेगा।
त्वचा के लिए फायदेमंद
गर्मी में अधिक समय तक बाहर रहने से त्वचा पर सूरज की तेज रोशनी और पसीने की वजह से रैशेस, सनबर्न और पिंपल्स हो सकते हैं। दही का सेवन त्वचा को ठंडा रखने में मदद करता है। दिन में एक कटोरी दही खाएं या फिर दही को चेहरे पर लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। यह त्वचा को ठंडक और नमी प्रदान करेगी।
थकान और डिहाइड्रेशन
गर्मी में शरीर को अधिक पानी की आवश्यकता होती है और कभी-कभी शरीर पानी की कमी से डिहाइड्रेट हो जाता है। दही में अधिक मात्रा में पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। गर्मियों के मौसम में दही को छाछ या लस्सी के रूप में पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और डिहाइड्रेशन का खतरा कम होता है।
वहीं, अगर आपको खाना खाने के बाद भारीपन या एसिडिटी महसूस होती है तो खाने के बाद कुछ आदतों को अपनाने से पेट फूलना, कब्ज, गैस और दस्त जैसी आम पाचन समस्याओं को रोकने में मदद मिलती है।