क्या आप भी रात के समय दो बार से अधिक पेशाब जाते हैं? अगर हां, तो बता दें कि ये कई तरह की मेडिकल समस्याओं की ओर संकेत हो सकता है। वैसे तो ये समस्या डायबिटीज से पीड़ित लोगों में अधिक देखने को मिलती है। हालांकि, डायबिटीज से अलग बार-बार पेशाब आने का एक और कारण हो सकता है जिसपर गंभीरता से ध्यान देते रहने की जरूरत है। रात में बार-बार पेशाब आने को मेडिकल की भाषा में नोक्टूरिया की समस्या के रूप में जाना जाता है। आइए जानते हैं क्या है ये और कैसे पाएं इससे निजात-

रात में क्यों आता है बार-बार पेशाब?

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रात को गहरी नींद से उठकर एक या दो बार टॉयलेट जाना सामान्य है, लेकिन अगर आपको इससे ज्यादा बार टॉयलेट जाने की जरूरत महसूस होती है तो इसका साफ मतलब है कि आपकी सेहत ठीक नहीं है। यह समस्या नोक्टूरिया की बीमारी से जुड़ी हो सकती है। आमतौर पर नोक्टूरिया अधिक खतरनाक नहीं होती है, लेकिन कई बार इसके भयंकर परिणाम भी देखे जाते हैं। नोक्टूरिया यूरीनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन या यूरीनरी इंफेक्शन का कारण बन सकती है, जिसके चलते व्यक्ति को प्राइवेट पार्ट में तेज जलन, खुजली, पेट दर्द, अधिक कमजोरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

कैसे पाएं नोक्टूरिया से निजात?

जैसा की ऊपर बताया गया है, आमतौर पर नोक्टूरिया की समस्या अधिक खतरनाक नहीं होती है। ऐसे में आप लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव कर इसे कंट्रोल या इससे छुटकारा पा सकते हैं। इसके लिए-

  • रात को सोने से दो या चार घंटे पहले कम पानी पिएं।
  • शराब और कैफीन युक्त पेय पदार्थों से दूरी बनाएं। खासकर सोने से पहले इन चीजों का सेवन करने से बचें।
  • डिनर में मसालेदार, एसिडिक फूड, चॉकलेट या मिठाई जैसी चीजें खाने से परहेज करें।
  • इसके अलावा ब्लैडर कंट्रोल के लिए पेल्विक फ्लोर एक्सरसाइज बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।

और भी हो सकते हैं कई कारण:

नोक्टूरिया से अलग रात के समय बार-बार पेशाब आने के और भी कई कारण हो सकते हैं। इनमें से कुछ इस प्रकार हैं-

  • बढ़ा प्रोस्टेट
  • हाई ब्लड प्रेशर</li>
  • गठिया
  • ब्लैडर प्रोलैप्स
  • प्रोस्टेट या पेल्विक एरिया में ट्यूमर
  • किडनी इंफेक्शन
  • ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया

ऐसे में इस तरह की समस्या दिखने पर लापरवाही बरते बिना समय रहते डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।