नवरात्रि शक्ति की उपासना का पर्व है, जिसमें मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होती है। माना जाता है कि इन नौ दिनों में व्रत रखने और पूजा करने से आत्मिक शुद्धि होती है और मानसिक शक्ति बढ़ती है। इस दौरान उपवास करने से मनुष्य अपनी इच्छाओं और लालसाओं पर नियंत्रण करना सीखता है, जिससे आध्यात्मिक उन्नति होती है। व्रत के दौरान हल्के और सात्विक आहार जैसे फल, दूध, दही, साबूदाना, कुट्टू, सिंघाड़े का आटा और मूंगफली का सेवन किया जाता है। ये शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं। फलों और दूध में मौजूद विटामिन्स और मिनरल्स पाचन और इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं। इस दौरान डाइट में अनाज और ऑयली फूड से दूरी बनाई जाती है जिससे पाचन में सुधार होता है, वजन कंट्रोल होता है और शरीर हल्का महसूस होता है। नवरात्रि के दौरान फास्ट रखने से मानसिक सेहत में सुधार होता है। ,

नवरात्रि केवल धार्मिक पर्व ही नहीं बल्कि आध्यात्मिक साधना और शारीरिक शुद्धि का भी अद्भुत संगम है। नवरात्रि के मौके पर सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने बताया लोग नवरात्रि को सिर्फ फास्टिंग और डिटॉक्स का समय मानते हैं, जबकि ये उससे कहीं ज्यादा पावरफुल है। नवरात्रि व्रत करने से न सिर्फ बॉडी डिटॉक्स होती है बल्कि डाइजेशन दुरुस्त होता है और तनाव भी कम होता है।

एक्सपर्ट ने नवरात्रि के दौरान 4 फूड्स का सेवन करने की सलाह दी है जो बॉडी को भरपूर पोषण देते हैं, कमजोरी दूर करते हैं और बॉडी के हेल्दी रखते हैं। एक्सपर्ट ने बताया कुछ फूड्स हेल्दी फैट, मैग्नीशियम और विटामिन बी 12 से भरपूर होते हैं जो हमारी बॉडी को भरपूर ताकत देते हैं। ये फूड फास्ट के दौरान हमारी बॉडी की वीकनेस को रिकवर करते हैं। आइए जानते हैं कि कौन-कौन से 4 फूड्स हैं जिनका सेवन एक्सपर्ट ने फास्ट के दौरान खाने की सलाह दी है।

राजगीर (Rajgira) का करें सेवन

नवरात्रि में राजगीर खाना बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसे लड्डू, थालीपीठ, रोटी या चक्की के रूप में खाया जा सकता है। राजगीर का मुख्य पोषक तत्व आयरन है। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बनाए रखता है, जिससे खून की कमी नहीं होती और शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिलती है। इसके नियमित सेवन से बालों की सेहत बेहतर रहती है, चेहरा खिला-खिला दिखता है और शारीरिक व मानसिक ताकत बनी रहती है। व्रत के दौरान आयरन युक्त डाइट बेहद जरूरी है, इसलिए राजगीरा को अपनी थाली में जरूर शामिल करें।

काजू (Cashews) खाएं

नवरात्रि में काजू का सेवन बहुत लाभकारी होता है। काजू मैग्नीशियम का अच्छा स्रोत है। अगर रात को पैरों में दर्द होता है, पेट में गैस बनती है या नींद पूरी नहीं होती तो काजू खाना बेहद फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद मैग्नीशियम नसों को आराम देता है और नींद की समस्या में राहत पहुंचाता है। काजू का सेवन ऊर्जा भी बढ़ाता है और शरीर को तंदुरुस्त रखता है। व्रत के दौरान थोड़ी मात्रा में काजू खाने से शरीर को जरूरी मिनरल्स मिलते हैं और पाचन शक्ति भी मजबूत रहती है।

केला (Bananas) बहुत जरूरी है

व्रत में केला खाना बहुत जरूरी है क्योंकि इसमें विटामिन B6 भरपूर मात्रा में होता है। यह पोषक तत्व मूड को अच्छा बनाए रखने और तनाव को कम करने में मदद करता है। खासकर महिलाओं में पीरियड से पहले होने वाले ब्रेस्ट पेन की समस्या को भी विटामिन B6 राहत मिलती है। केला प्रीबायोटिक गुणों से भरपूर होता है, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने और आंतों में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने में सहायक है। केले का सेवन करने से पाचन सुधरता है, ऊर्जा मिलती है और मन भी खुश रहता है।

दालें और अंकुरित अनाज (Legumes) खाएं

नवरात्रि में दक्षिण भारत की परंपरा सुंडल यानी अंकुरित दालों और अनाज का सेवन करने की है। इसमें चना, लोबिया, राजमा और अन्य दालों को भिगोकर, अंकुरित कर सब्जी की तरह बनाया जाता है। ये फूड्स प्रोटीन और अमीनो एसिड्स के बेहतरीन स्रोत हैं। इनके सेवन से हड्डियों को मजबूती मिलती है और दिमाग भी स्वस्थ रहता है। साथ ही ये शरीर में ऊर्जा बनाए रखते हैं और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराते हैं। व्रत में इन्हें शामिल करने से पोषण की कमी नहीं होती और शरीर हल्का व सक्रिय रहता है।

दही के साथ इन 4 सुपरफूड्स को मिक्स करके खाएं गट हेल्थ में होगा सुधार, आंत में बढ़ जाएंगे अरबों गुड बैक्टीरिया।इस जानकारी के लिए आप लिंक पर क्लिक करें।