क्या आप जानते हैं कि जिस तरह डॉक्टर्स मरीज की जीभ का रंग देखकर उसके स्वास्थ्य के बारे में पता लगा लेते हैं, ठीक उसी तरह किसी के नाखूनों को देखकर भी उसकी हेल्थ के बारे में पता लगाया जा सकता है? जी हां, आपने कई बार देखा होगा कि बीमार होने पर कई डॉक्टर्स मरीज के नाखून भी चेक करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि नाखून आपकी हेल्थ से जुड़े कई राज़ खोल सकते हैं। यानी नेल्स के जरिए आप बेहद आसानी से अपनी अच्छी और बुरी सेहत की पहचान कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-
नाखूनों पर क्यों आ जाते हैं सफेद स्पॉट?
अधिकतर लोगों ने अपने नाखूनों पर सफेद रंग के स्पॉट देखे होंगे। आमतौर पर माना जाता है कि ये स्पॉट शरीर में कैल्शियम की कमी के कारण होते हैं। हालांकि, ऐसा नहीं है। इससे अलग नाखूनों पर सफेद रंग के ये स्पॉट बॉडी में मिनिरल्स की कमी को दर्शाते हैं। इतना ही नहीं, नाखूनों पर सफेद रंग के स्पॉट आने के पीछे एक कारण एलर्जी, फंगल इंफेक्शन या नेल इंजरी भी हो सकता है। इसके अलावा कई बार हृदय रोग, किडनी फेल्योर, एग्जिमा, निमोनिया, आर्सेनिक पॉइजनिंग के चलते भी नेल्स पर ऐसे निशान दिखने लगते हैं। ऐसे में अगर आपको अगली बार नाखूनों पर सफेद स्पॉट दिखें तो लापरवाही बिल्कुल ना बरतें, इसकी वजह तलाशने के लिए डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
नाखूनों के नीचे गहरे रंग की लाइन्स
अगर आपके नाखूनों के नीचे काली या भूरी रंग की लाइन्स बनती हैं, तो इसे नजरअंदाज करने की गलती बिल्कुल ना करें। ये मेलेनोमा का संकेत हो सकता है, जो एक प्रकार का कैंसर है। हालांकि, गहरे रंग के व्यक्तियों में ऐसा केवल पिगमेंट के जमाव के कारण भी हो जाता है। ऐसे में नाखूनों पर ऐसी लाइन्स दिखने पर एक बार डॉक्टर्स से जांच जरूर करा लें।
नाखून पर चांद नहीं है अच्छा संकेत
आयुर्वेदा के मुताबित, अगर आपके नाखून पर चंद्रमा जैसा निशान बनने लगा है, तो यह भी सेहत के लिए अच्छा संकेत नहीं है। ऐसा निशान आपकी कमजोर पाचन क्रिया की ओर इशारा करता है।
नीले या हरे नाखून
नीले नाखून शरीर में ऑक्सीजन की कमी की ओर इशारा करते हैं। जबकि नाखूनों का हरा पड़ जाना पैरोनीचिया नामक जीवाणु संक्रमण के कारण होता है।
खुरदुरे और फटे हुए नाखून
खुरदुरे और फटे हुए नाखूनों की समस्या अधिकतर महिलाओं में देखने को मिलती है। ऐसे नाखूनों का कारण हाइपोथायरायडिज्म या आयरन की कमी हो सकता है। अगर आपके नाखून ऐसा संकेत देते हैं, तो एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
पीले क्यों पड़ जाते हैं नाखून?
कई बार संक्रमण या नेल पॉलिश जैसे प्रोडक्ट के कारण नाखून पीले पड़ जाते हैं। हालांकि, कुछ समय बाद ये खुद-ब-खुद ठीक भी हो जाते हैं। अगर, पीले नाखून लंबे समय तक रहें, तो ये इंफेक्शन की तरफ इशारा करता है। इससे अलग ये थायराइड या डायबिटीज का संकेत भी देते हैं। कई लोगों को येलो नेल सिंड्रोम (YNS) नामक एक दुर्लभ बीमारी भी होती है। इस बीमारी की चपेट में अधिकतर वे लोग आते हैं जिन्हे फेफड़ों से जुड़ी कोई समस्या होती है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।