उम्र बढ़ने के साथ शरीर और दिमाग को फिट रखना जरूरी हो जाता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है वैसे-वैसे मानसिक और शारीरिक बदलाव भी होते हैं और धीरे-धीरे शरीर भी कमजोर होने लगता है, क्योंकि भागदौड़ भरी जिंदगी और अनहेल्दी खानपान के चलते शरीर पर कई बीमारियां राज करने लगती हैं। अगर, आप भी चाहते हैं कि सालों-सालों तक शरीर एक्टिव और फिट बना रहे तो हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना जरूरी है। चलिए आपको बताते हैं एनर्जेटिक और हेल्दी रहने के लिए सुबह की इन 5 आदतों को अपने डेली रूटीन में शामिल करना कितना फायदेमंद हो सकता है।

वेबएमडी के मुताबिक, जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है वैसे-वैसे शरीर की कोशिकाओं में मौजूद क्रोमोजोम का अंतिम सिरा छोटा होता जाएगा। इससे उम्र भी घटती रहती है। इसे टेलोमीयर कहा जाता है। टेलोमीयर लंबा होता है तो शरीर बीमारियों से दूर रहता है और लंबा चलता है।

गुनगुना पानी पिएं

हेल्दी और फिट रहने के लिए दिन की शुरुआत गुनगुने पानी के साथ करनी चाहिए। सुबह उठकर 1 गिलास गुनगुना पानी, नींबू या शहद पिएं। इससे शरीर को एनर्जी मिलती है और पाचन भी अच्छा बना रहता है। इसके अलावा जीरा, सौंफ और अजवाइन का पानी पीना भी पाचन के लिए फायदेमंद होता है।

एक्सरसाइज या वॉक करें

रोज सुबह-सुबह 15-20 मिनट की हल्की स्ट्रेचिंग और योगासन करने से शरीर एक्टिव रहता है। इससे तनाव दूर होता है और दिमाग भी हेल्दी रहता है। इसके अलावा ब्रिस्क वॉक करने से दिल मजबूत होता है, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और जोड़ों में लचीलापन बना रहता है। डेली वॉक और एक्सरसाइज करने से शरीर एनर्जेटिक बना रहा है और कई बीमारियों का खतरा कम होता है।

हाई-प्रोटीन और न्यूट्रिशन फूड्स का सेवन करें

बढ़ती उम्र के साथ खानपान का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी होता है। ऐसे में अपने दिन की शुरुआत हाई-प्रोटीन और न्यूट्रिशन से भरपूर फूड्स के साथ करनी चाहिए। ऐसा करने से शरीर को एनर्जी मिलती है और थकावट, तनाव और कई परेशानियां दूर रहती हैं। ऐसे में सुबह का नाश्ता अंकुरित अनाज, दलिया, ओट्स, दही, सूखे मेवे और मौसमी फल के साथ किया जाना ज्यादा फायदेमंद होता है। इसके साथ ही एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर फूड्स यानी अखरोट, बादाम, कद्दू के बीज खाने चाहिए इससे दिमाग और हड्डियां मजबूत होती हैं।

वजन कंट्रोल में रखें

बढ़ती उम्र के साथ वजन में बदलाव होना आम बात है, लेकिन वजन को कंट्रोल में बनाए रखना बहुत ही आवश्यक है, क्योंकि वजन के कारण ही कई बीमारियों का खतरा बढ़ता है। अगर, वजन को कंट्रोल में रहता है तो डायबिटीज, बीपी और दिल की बीमारियों से बचाव होता है।

खुद को रखें एक्टिव

कई शोधों में पाया गया है कि फिजिकल एक्टिविटी शरीर के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। सप्ताह में कम से कम 2.5 घंटा वर्कआउट करना जरूरी होता है। इसके साथ ही किसी न किसी तरह की फिजिकल एक्टिविटी करते रहना बहुत जरूरी है। यह शरीर और दिमाग को बुढ़ापे में भी फिट रखने में मदद करता है।

खुद को पॉजिटिव रखें

सुबह कुछ समय अपने शौक जैसे गाना, पेंटिंग, बागवानी में बिताएं, इससे माइंड एक्टिव और पॉजिटिव बना रहेगा। इसके साथ ही रोजाना दोस्तों और परिवार से बातचीत करें, इससे मेंटल हेल्थ अच्छी बनी रहती है। सुबह 15-20 मिनट सनलाइट लेने से विटामिन D मिलता है, जो हड्डियों और इम्यूनिटी के लिए जरूरी है।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।