मूली एक ऐसी सब्जी है जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है और शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करती है। इसमें फाइबर, विटामिन C, पोटैशियम, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं। मूली का नियमित सेवन से लिवर और किडनी की कार्यप्रणाली दुरुस्त रहती है। यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करती है, स्किन को साफ रखती है और वजन घटाने में भी मददगार होती है। सर्दियों में इसका सेवन खास फायदेमंद माना जाता है क्योंकि यह शरीर को गर्मी और ऊर्जा दोनों देती है।
मूली में हाई फाइबर पाया जाता है, जो पेट की सफाई और हाजमे में मदद करता है। यह पाचन तंत्र को सक्रिय रखती है और भोजन को आसानी से तोड़कर पोषक तत्वों के अवशोषण में सुधार करती है। मूली का सेवन करने सेकब्ज़ और पेट की सूजन जैसी समस्याएं कंट्रोल रहती हैं। इसमें उपस्थित एंज़ाइम्स और प्राकृतिक एसिड्स पाचन को बेहतर बनाते हैं और गैस, अम्लता या अपच जैसी समस्याओं से राहत दिलाते हैं। नियमित मूली खाने से लिवर और पाचन तंत्र स्वस्थ रहते हैं, जिससे शरीर में टॉक्सिन्स भी जल्दी बाहर निकलते हैं।
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉक्टर प्रताप चौहान ने बताया मूली सेहत के लिए अमृत है। ये पाचन पर संजीवनी बूटी की तरह असर करती है। सेहत के लिए उपयोगी मूली के साथ कुछ फूड्स का सेवन जहर का काम करता है। आयुर्वेद के अनुसार, कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हैं जिन्हें मूली के साथ नहीं खाना चाहिए क्योंकि ये एक-दूसरे के विरुद्ध आहार माने जाते हैं। मूली के साथ गलत फूड्स का कॉम्बिनेशन शरीर में विकार, गैस, त्वचा संबंधी समस्याएं और कई प्रकार के रोगों का कारण बन सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन-कौन से फूड्स का सेवन मूली के साथ नहीं करना चाहिए।
संतरे के साथ मूली नहीं खानी चाहिए
मूली और संतरे का कॉम्बिनेशन आयुर्वेद के अनुसार उचित नहीं माना जाता। मूली खाने के तुरंत बाद संतरा या अन्य खट्टे फल खाने से शरीर में रासायनिक प्रतिक्रिया हो सकती है। यह प्रतिक्रिया पेट में गैस, अपच और जलन का कारण बन सकती है। इसके अलावा यह कॉम्बिनेशन स्किन एलर्जी और शरीर में सूजन पैदा कर सकता है। इसलिए मूली खाने के तुरंत बाद खट्टे फल या संतरा खाने से बचना चाहिए। अगर आप फ्रूट्स खाना चाहते हैं, तो मूली और खट्टे फल के बीच कम से कम 1–2 घंटे का अंतर रखना बेहतर होता है।
करेले के साथ मूली का सेवन नहीं करें
मूली और करेले का कॉम्बिनेशन भी आयुर्वेद में वर्जित माना गया है। दोनों सब्जियों में ठंडक पैदा करने वाले तत्व होते हैं और दोनों को एक साथ खाने पर शरीर में टॉक्सिन बनने का खतरा बढ़ जाता है। यह कॉम्बिनेशन पेट और पाचन तंत्र पर भारी पड़ सकता है जिससे पेट में गैस, अपच और पेट में दर्द हो सकता है। इसके अलावा लंबे समय तक इस फूड को कॉम्बिनेशन में खाने से इम्यून सिस्टम कमजोर हो सकता है और शरीर में सूजन या एलर्जी जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसलिए मूली और करेले को कभी भी एक साथ नहीं खाना चाहिए।
दूध के साथ मूली नहीं खानी चाहिए
मूली और दूध का कॉम्बिनेशन शरीर के लिए हानिकारक माना गया है। मूली खाने के तुरंत बाद दूध पीने से शरीर में जहरीले तत्व बन सकते हैं। यह कॉम्बिनेशन पाचन तंत्र को प्रभावित करता है और पेट में गैस, अपच और भारीपन जैसी समस्याएं पैदा करता है। साथ ही स्किन एलर्जी या स्किन पर चकत्ते दार दाने आने का खतरा भी रहता है। आयुर्वेद के अनुसार ठंडे तत्वों वाले दूध और मूली को एक साथ खाने से शरीर में असंतुलन पैदा होता है। इसलिए मूली और दूध को अलग-अलग समय पर लेना सबसे सुरक्षित है।
शहद के साथ मूली का सेवन वर्जित है
मूली और शहद का मिश्रण शरीर के लिए हानिकारक बताया गया है। यह संयोजन टॉक्सिन बनाने की क्षमता रखता है, जो शरीर के अंगों पर बुरा असर डाल सकता है। इससे पेट और किडनी पर असर पड़ता है और शरीर में जलन या सूजन हो सकती है। आयुर्वेद के अनुसार यह मिश्रण शरीर में वात और कफ बढ़ाता है, जिससे गैस, अपच, एलर्जी और स्किन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए मूली के साथ शहद का सेवन पूरी तरह से टाला जाना चाहिए।
दही के साथ मूली खाने से बचें
मूली और दही का कॉम्बिनेशन भी हानिकारक माना जाता है। दोनों ठंडी प्रकृति की चीजें हैं और एक साथ खाने से शरीर में ठंडक बढ़ती है। यह संयोजन पेट की क्षमता को प्रभावित करता है, जिससे अपच, गैस और भारीपन जैसी समस्या हो सकती है। साथ ही यह कफ संबंधी रोग जैसे सर्दी, खांसी और गले में खराश के लिए भी जिम्मेदार हो सकते है। इसलिए मूली और दही को एक साथ न खाएं। अगर दही लेना ही है तो इसे मूली खाने के कम से कम 1–2 घंटे बाद लेना चाहिए।
बिना कुछ खाए पेट फूल कर बन जाता है कुप्पा, कब्ज से जीना होता है मुहाल, सिर्फ यह 1 सीड्स करेंगे पाचन सुधारने में मदद, हार्वर्ड डॉक्टर ने बताया तरीका। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।