Peanut Oil Benefits: स्वस्थ खानपान लोगों को  बीमारियों से दूर रखता है। ऐसे में न केवल आप क्या खा रहे हैं, ये सोचना जरूरी है, बल्कि खाना किस तेल में बन रहा है इसका चुनाव भी सोच समझकर करना चाहिए। कुछ लोग जहां सरसो के तेल को हेल्दी मानते हैं, वहीं कुछ ऑलिव ऑयल में खाना पकाना पसंद करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अधिकतर तेल गर्म होने के बाद ट्रांस फैट में तब्दील हो जाते हैं। ये फैट शरीर पर बेहद नकारात्मक प्रभाव छोड़ते हैं। वहीं, मूंगफली के तेल का स्मोकिंग पॉइंट काफी ज्यादा होता है, जिससे कुकिंग के लिए इसे उपयुक्त माना जाता है। आइए जानते हैं मूंगफली के तेल में खाना पकाने के फायदे –

दिल को रखता है तंदरुस्त: दिल को सेहतमंद बनाए रखने में मूंगफली का तेल फायदेमंद है। ये शरीर में मौजूद HDL यानी गुड कॉलेस्ट्रॉल की मात्रा को बढ़ाते हैं। इससे बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, इसके इस्तेमाल से आर्टरीज के ब्लॉक होने का खतरा भी कम होता है।

वजन कम करने में मददगार: मूंगफली का तेल मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में बेहद असरदार होता है। एक शोध के अनुसार जो लोग अपनी डाइट में मूंगफली या फिर उसके तेल का उपयोग करते हैं, उनका मेटाबॉलिक रेट दूसरों की तुलना में बेहतर होता है। इससे वजन घटाने में मदद मिलती है।

कम होगी अर्थराइटिस की परेशानी: गठिया के मरीजों के लिए भी इस तेल का इस्तेमाल फायदेमंद है। अर्थराइटिस के कारण होने वाली सूजन और दर्द को मूंगफली का तेल कम करता है।

प्रमोट करता है हेयर ग्रोथ: मूंगफली के तेल में विटामिन ई प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो कि हेयर फॉलिकल्स को मजबूत करता है। इससे डैंड्रफ की परेशानी से निजात मिलती है और बाल लंबे होते हैं।

डायबिटीज पर रहेगा काबू: डायबिटीज के मरीजों के लिए भी मूंगफली का तेल एक बेहतर विकल्प है। इसमें अनसैच्युरेटेड फैट होता है जो इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर करता है और ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल में रखता है।

दूर होंगे मुंहासे: कील-मुंहासों से परेशान लोगों को अपनी डाइट में इस तेल को शामिल करना चाहिए। इसमें एंटी-बैक्टीरियल तत्व होते हैं जो इसे स्किन के लिए फायदेमंद बनाते हैं।

कम होगा कैंसर का खतरा: मूंगफली के तेल में भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते  हैं जो कई तरह के कैंसर के खतरे को कम करते हैं।