सर्दी का मौसम अधिकतर लोगों के मन को भाता है। हालांकि, इस मौसम में कई तरह की परेशानियां भी बढ़ जाती हैं। इनमें जोड़ों के दर्द की समस्या सबसे आम है। हवाओं में ठंड का अहसास बढ़ते ही कई लोगों को जॉइंट पेन परेशान करने लगता है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को इस समस्या से ज्यादा दो-चार होना पड़ता है। ऐसे में वे समय-समय पर पेन किलर लेने को मजबूर हो जाते हैं। हालांकि, लंबे समय पर इन दवाओं का असर अधिक गंभीर हो सकता है। ऐसे में आइए एक्सपर्ट से जानते हैं बिना दवाओं के जोड़ों के दर्द से कैसे राहत पाई जा सकती है-

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

मामले को लेकर एक मीडिया हाउस संग हुई बातचीत के दौरान सेलिब्रिटी फिजियोथेरेपिस्ट सागर पुजारी (Sagar Pujari) बताते हैं, ‘ठंड के मौसम में जॉइंट पेन होना सबसे आम परेशानी है और इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। हालांकि, ठंड के चलते मसल्स पर पड़ने वाला तनाव या मांसपेशियों में जकड़न की वजह से लोगों को ये दर्द अधिक महसूस होता है। वहीं, अच्छी बात यह है कि अगर आपको किसी तरह की कोई चोट नहीं लगी है या आप गठिया जैसे रोग से पीड़ित नहीं हैं, तो आप कुछ टिप्स को अपनाकर इस तरह के दर्द से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं।’

क्या हैं ये खास टिप्स?

सागर पुजारी बताते हैं, अगर आप बिना किसी चोट के भी जोड़ों में दर्द से परेशान रहते हैं, तो इसके लिए सबसे पहले काम से थोड़ा समय निकालकर एक्सरसाइज को दें। वहीं, अगर आप जिम जाते हैं, तो वेट ट्रेनिंग के साथ-साथ स्ट्रेचिंग जरूर करें। स्ट्रेचिंग करने से मसल्स की फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ती है, जिससे रेंज ऑफ मोशन भी बढ़ता है और ये सीधे तौर पर दर्द से राहत दिलाने का काम करता है।

वहीं, अगर घरेलू महिलाएं जिम नहीं जा पाती हैं, तो वे घर पर ही कुछ समय के लिए स्ट्रेचिंग कर सकती हैं। इसके अलावा सुबह-शाम कुछ समय के लिए वॉक करने से भी आपको फायदा मिल सकता है। बावजूद इसके अगर दर्द लगातार बढ़ रहा है, तो ऐसे में पेन किलर लेने कि बजाए हर एक महीने में फिजियोथेरेपिस्ट से सलाह लें।

इन सब के अलावा जॉइंट पेन से राहत पाने के लिए सागर मोबिलिटी एक्सरसाइज करने की सलाह देते हैं। इस तरह की एक्सरसाइज मसल्स को लूज करने में मदद करती हैं, जिससे भी आपको दर्द से राहत मिल सकती है। इसके लिए आप चाइल्ड पोज, फ्रॉग पोज, डीप स्क्वाट, चेस्ट और शोल्डर ओपनर, हैमस्ट्रिंग और हिप ओपनर जैसे कुछ योगासन और व्यायाम का सहारा ले सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।