खराब डाइट, बिगड़ते लाइफस्टाइल और तनाव का असर सिर्फ हमारी बॉडी पर ही देखने को नहीं मिलता बल्कि इससे फर्टिलिटी भी प्रभावित होती है। इंफर्टिलिटी एक ऐसी परेशानी है जो पुरुषों और महिलाओं में तेजी से बढ़ रही है। कुछ कपल्स ऐसे हैं जो बच्चा चाहते हैं लेकिन उनकी प्रजनन क्षमता में कमी की वजह से मां-बाप नहीं बन पाते। इंफर्टिलिटी एक ऐसी परेशानी है जो सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं है बल्कि पुरुषों को भी उसने अपनी गिरफ्त में लिया हुआ है। जी हां, इंफर्टिलिटी पुरुषों में भी तेजी से पनपने वाली बीमारी बन गई है। इंटरनेट पर पुरुषों में बांझपन की समस्या को दूर करने के लिए कुछ घरेलू उपचार बताए जा रहे हैं।

इंटरनेट पर मौजूद वीडियो के मुताबिक किशमिश एक ऐसा ड्राई फ्रूट है जिसका सेवन अगर दूध में भिगोकर किया जाए तो पुरुषों में होने वाली इंफर्टिलिटी में सुधार हो सकता है। अगर आप भी बाप बनने की प्लानिंग कर रहे हैं और फर्टिलिटी को बूस्ट करना चाहते हैं तो किशमिश का सेवन दूध में भिगोकर करें। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि सचमुच किशमिश को दूध में भिगोकर खाने से प्रजनन क्षमता में सुधार होता है।

किशमिश को दूध में भिगोकर खाने से पुरुषों की प्रजनन क्षमता पर प्रभाव

हेल्थ स्ट्रेटेजिस्ट एंड वेलनेस कोच, मैनेजिंग डायरेक्टर ऑफ इम्यूनोसाइंस सप्लीमेंट में दीपिका कृष्णा के मुताबिक किशमिश को दूध के साथ भिगोकर खाने से फर्टिलिटी बूस्ट होती है। किशमिश में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें  एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन, जिंक और सेलेनियम जैसे खनिज भरपूर होते है जो पुरुषों में स्पर्म काउंट को बढ़ाने और इंफर्टिलिटी में सुधार करने में उपयोगी है।

एक्सपर्ट के मुताबिक वहीं दूध में प्रोटीन और कैल्शियम होता है जो ओवर ऑल हेल्थ को दुरुस्त करता है और हॉर्मोन को बैलेंस करता है। किशमिश और दूध पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ा सकते हैं और ब्लड सर्कुलेशन में सुधार कर सकता हैं जिससे पुरुषों में प्रजनन क्षमता में सुधार होता है।

अगर रात भर एक गिलास गर्म दूध में मुट्ठी भर किशमिश को भिगोएं और सुबह खाली पेट भिगी हुई किशमिश और दूध का सेवन करें तो इंफर्टिलिटी में सुधार होगा। कुछ महीनों तक दूध के साथ किशमिश का सेवन करने से सेहत पर फर्क साफ दिखेगा। पुरुषों में प्रजनन क्षमता में सुधार करने का ये नेचुरल और हेल्दी तरीका है।

क्या सभी पुरुषों के लिए इसका सेवन फायदेमंद होता है?

एक्सपर्ट के मुताबिक कुछ लोगों को दूध से एलर्जी होती है। जिन लोगों को दूध से एलर्जी है वो दूध के साथ किशमिश को भिगोकर नहीं खाएं। दूध से एलर्जी वाले लोग लैक्टोज फ्री दूध के विकल्प का चयन करें। एक्सपर्ट के मुताबिक किशमिश में फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है जो पेट में सूजन, दस्त और पाचन से जुड़ी परेशानियों को बढ़ा सकती है। जिन लोगों की ब्लड शुगर हाई रहती है वो इसका सेवन संभल कर करें, क्योंकि किशमिश में नेचुरल शुगर अधिक होती है और यह ब्लड में शुगर के स्तर को प्रभावित कर सकती है।