आंतों में खुशकी का बढ़ना एक ऐसी परेशानी है जिसके लिए खाराब डाइट और बिगड़ता लाइफस्टाइल जिम्मेदार है। आंत हमारी बॉडी का दूसरा ब्रेन है जो पाचन तंत्र का अहम हिस्सा है। आंत दो तरह की होती है छोटी आंत और दूसरी बड़ी आंत जिसे कोलन भी कहा जाता है। आंतों का काम खाने से पोषक तत्वों का अवशोषण करना और बॉडी से टॉक्सिन को बाहर निकालना है।
हम जो भी लिक्विड और सॉलिड फूड का सेवन करते हैं आंते उसे सोख लेती हैं, खाना डायजेस्ट होने के बाद कोलन में जमा हो जाता है और मल के रूप में शरीर से बाहर भी निकल जाता है। डाइट में खराबी होने पर आंतों की सेहत बिगड़ने लगती है। आंतो में स्टिफनेस आने से या फिर आंतों में खुशकी होने से आंतें कमजोर होने लगती हैं और आंतों में कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं।
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉक्टर प्रताप चौहान के मुताबिक आंतों की खुशकी पानी का कम सेवन करने की वजह से होती है जिसकी वजह से कब्ज होता है और आंतों में गंदगी जमा होने लगती है। आंतों की खुशकी की वजह से पाचन से जुड़ी कई तरह की परेशानियां जैसे गैस,पेट में कीड़ें,आंतों को पर्याप्त पोषण नहीं मिलने की बीमारी हो सकती है। कमजोर आंत आपकी सेहत को कभी दुरुस्त नहीं कर सकती। आप कितना भी अच्छा खाना खालें आप हेल्दी नहीं रह सकते। आइए जानते हैं कि आंतों में खुशकी के कौन-कौन से लक्षण हैं और उनसे कैसे बचाव किया जा सके।
आंतों में खुशकी के लक्षण
- कब्ज होना, मल त्याग करने में दिक्कत होना
- मल के साथ ब्लड डिस्चार्ज होना
- पेट में मरोड़ होना, गैस बनना,पेट में दर्द होना,
- हर समय भारीपन महसूस होना
- तेजी से वजन का कम होना
- ओरल हाइजीन का ध्यान रखने के बाद भी मुंह से बदबू आना
- भूख नहीं लगना
आंतों की खुशकी को कैसे करें दूर
इसबघोल का करें सेवन
इसबघोल औषधीय गुणों से भरपूर एक ऐसा हर्ब है जिसका सेवन करके आसानी से आंतों में जमा गंदगी को दूर किया जा सकता है और आंतों की सफाई की जा सकती है। इसका सेवन करने से कब्ज दूर होता है। इसबघोल का सेवन रात को खाने के बाद एक गिलास गुनगुने पानी से करें आपका सुबह पेट अच्छी तरह से साफ होगा और आपकी आंतों की खुशकी भी दूर होगी।
बादाम के तेल से करें आंतों की खुशकी का इलाज
बादाम का सेवन उसके तेल के रूप में किया जाए तो आंतों को हेल्दी रखा जा सकता है। मीठे बादाम का तेल इस्तेमाल करने के लिए रात में एक गिलास गुनगुना दूध लें और उसमें एक से डेढ़ चम्मच बादाम का तेल मिलाएं और उसका सेवन करें। बादाम के तेल का इस तरह सेवन करने से आंतों की खुशकी दूर होगी और आंतों की सेहत भी दुरुस्त रहेगी।