बदलते मौसम के साथ-साथ खानपान और लाइफस्टाइल में भी बदलाव होता है। जिसका सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। गर्मी के मौसम में पेट और पाचन से जुड़ी दिक्कतें बहुत आम हो जाती हैं। गर्मी में पेट में गैस, एसिडिटी, अपच, सीने में जलन और पेट दर्द की समस्या अधिक होती है। आयुर्वेद फार्मा विशेषज्ञ सौमिता बसु ने गट हेल्थ को बेहतर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए तीन आसान तरीके बताए हैं।
डॉ. सौमिता बसु ने बताया कि गर्मियों के मौसम में खानपान से लेकर कुछ जरूरी चीजों का ध्यान रखना भी बहुत ही जरूरी है। जिससे पेट का स्वास्थ्य अच्छा रहता है और कई अन्य बीमारियों से बचाव होता है। गर्मी के मौसम में पेट की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। डिहाइड्रेशन, खराब खानपान और बैक्टीरिया की तेजी से वृद्धि के कारण पेट दर्द, गैस, अपच, दस्त और संक्रमण जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में गट हेल्थ का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
गर्मी में पाचन क्रिया को स्वस्थ बनाए रखने के लिए, कुछ आसान उपाय हैं जिनका पालन किया जा सकता है। हाइड्रेटेड रहना, हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन करना, मसालेदार और तैलीय भोजन से बचना और गर्म भोजन को ठंडा होने के बाद खाना चाहिए। इससे पाचन तंत्र अच्छा होता है।
प्रोबायोटिक फूड्स का सेवन करें
गर्मियों में गट हेल्थ के लिए प्रोबायोटिक फूड्स का सेवन करना बहुत ही फायदेमंद हो सकता है। दही, छाछ, किमची, अचार, कांजी, कंबुचा जैसे फूड्स पाचन एंजाइम्स को बढ़ाते हैं, ये अच्छे बैक्टीरिया को सपोर्ट करते हैं और एसिडिटी और गैस से राहत देते हैं। रोज एक कटोरी दही या एक गिलास छाछ खाली पेट या लंच के साथ लें। इससे पेट की हर समस्याओं से राहत मिलती है।
पानी से भरपूर चीजों का सेवन
गर्मी में डिहाइड्रेशन के कारण पेट की जलन और कब्ज की समस्या बहुत ही आम होती है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। गर्मी में शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए तरबूज, खीरा, बेल का शरबत और नींबू पानी बहुत ही फायदेमंद होता है। इसके साथ ही ये पाचन तंत्र को मजबूत करने का काम करती है। हालांकि, एक बार में बहुत ठंडा पानी न पिएं, गुनगुना या रूम टेम्परेचर वाला पानी बेहतर है।
मसालेदार और तला-भुना खाने से परहेज करें
गर्मी के मौसम में बहुत तला-भुना, तीखा खाना पेट से लेकर पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचाता है। इससे आंतों की हेल्थ भी प्रभावित होती है। आंतों और पेट के लिए गर्मी में हल्का, फाइबर युक्त, घर का बना खाना बेहतर रहता है। इसके साथ ही भोजन में जीरा, सौंफ, अदरक और हल्दी का इस्तेमाल करें। रात को सोने से पहले 1 चुटकी त्रिफला चूर्ण गर्म पानी के साथ भी ले सकते हैं। हालांकि, इसके डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही लेना चाहिए।
वहीं, NCBI में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, लिवर को हेल्दी रखने के लिए विटामिन ए और विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा शरीर में जरूर होनी चाहिए।