आजकल के खराब खानपान और लाइफस्टाइल के कारण पेट से जुड़ी कई समस्या बहुत परेशान करती है। खासतौर पर सर्दियों के मौसम में पेट अधिक परेशान करता है, क्योंकि सर्दियों के मौसम में तला और कई प्रकार के फूड्स का सेवन अधिक बढ़ जाता है। कब्ज भी पेट से जुड़ी एक ऐसी समस्या है। जिसके कारण पेट साफ नहीं होता और इससे डेली रूटीन के साथ काम भी प्रभावित होता है। कब्ज की समस्या ज्यादा दिनों तक रहे, तो गंभीर बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। अगर इसे समय पर ठीक न किया जाए, तो यह गैस, बवासीर और आंतों से जुड़ी अन्य समस्याओं का कारण बन सकता है। फोर्टिस अस्पताल, मोहाली में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और हेपेटोलॉजी के निदेशक डॉ. अरविंद साहनी और फोर्टिस अस्पताल, मोहाली में क्लिनिकल न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स विभाग के प्रमुख डॉ. सोनिया गांधी ने कब्ज के उपाय बताए हैं, साथ ही इसका उपचार कैसे किया जाए इसकी भी सलाह दी है।

क्यों होती है कब्ज की समस्या?

  • फाइबर फ्री खाने का सेवन
  • पानी की कमी
  • फिजिकल एक्टिविटी की कमी
  • अधिक तनाव और चिंता
  • जंक फूड और तैलीय भोजन का अधिक सेवन

सर्दियों में कब्ज से कैसे बचें

कब्ज एक आम गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल बीमारी है। कब्ज की समस्या होने से मल त्याग कम हो जाता है और पेट सही तरह से साफ नहीं हो पाता। ऐसे स्थिति में मल बड़ा, सूखा, कठोर या गांठदार हो जाता है। अगर, आपको भी इस तरह के लक्षण दिखाई देते हैं तो समझ जाए कि ये कब्ज की समस्या है। कब्ज किसी भी उम्र के लोगों को हो सकती है। सर्दियों के साथ-साथ त्योहारी सीजन के दौरान अक्सर तले हुए फूड्स का सेवन अधिक कम कर देते हैं और शारीरिक गतिविधि कम हो जाता है। जिसके चलते कब्ज की समस्या हो सकती है।

डॉ. अरविंद साहनी के मुताबिक, आंत को स्वस्थ रखने के लिए अधिक पानी पीना चाहिए, व्यायाम करना चाहिए और हाई फाइबर वाला आहार खाना फायदेमंद रहता है।

अधिक से अधिक लिक्विड

प्रति दिन दो लीटर से अधिक लिक्विड पदार्थ पिएं, क्योंकि यह भोजन को आसानी से पचाने में मदद करता है। अधिक पानी का सेवन मल त्याग को बढ़ाता है और कब्ज को रोकता है।

एक्सरसाइज

कब्ज की समस्या से राहत पाने के लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज करना बहुत असरदार होती है। ये मल त्याग अच्छा होगा और पेट साफ रहेगा।

फाइबर

नियमित आहार में करीब 30 ग्राम फाइबर का सेवन करना चाहिए। एवोकैडो, बिना छिलके वाला सेब, रसभरी, अनार, ब्रोकोली, मक्का, मटर, कद्दू, शकरकंद आदि फल और सब्जियां खाएं।

डॉ. अरविंद साहनी ने बताया कि कब्ज की समस्या से राहत पाने के लिए जुलाब मददगार हो सकता है, लेकिन इसका इस्तेमाल बहुत सावधानी से और केवल थोड़े समय के लिए किया जाना चाहिए।

डॉ. सोनिया गांधी के मुताबिक, कब्ज की समस्या से बचाव के लिए जई, केला, लहसुन और प्याज प्रोबायोटिक्स के लिए अच्छे विकल्प हैं, जो आंत के बैक्टीरिया को पोषण देते हैं। इसके अलावा फर्मेंटेड फूड्स भी आंत में लाभकारी बैक्टीरिया या प्रोबायोटिक्स की संख्या बढ़ा सकते हैं। फर्मेंटेड फूड जैसे डोसा, इडली, अचार और ढोकला आदि। प्रोबायोटिक्स वह बैक्टीरिया हैं, जो आंत के स्वास्थ्य में सुधार करते हैं।

वहीं, भारतीय योग गुरु और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र ने भी आंतों की सफाई करने के लिए कुछ उपाय बताए हैं, जिनके उपयोग से भी पेट अच्छे से साफ हो जाएगा और कब्ज की समस्या से राहत मिल जाती है।