आकार, रंग और बनावट में अजीब सा दिखने वाला एवोकाडो एक ऐसा फल है जिसका सेवन नाश्ते में किया जाए तो सेहत को अनगिनत फायदे पहुंचते हैं। एवोकाडो में कम कैलोरी, प्रोटीन, कॉर्बोहाइड्रेट, फोलेट, विटामिन के, विटामिन सी, विटामिन ई, पोटैशियम, मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में होता है। फाइबर, विटामिन ई और विटामिन के से भरपूर ये फल सेहत के लिए ख़ज़ाना से कम नहीं है। एवोकाडो का सेवन दिल की सेहत के लिए वरदान साबित होता है। फ्रंटियर्स इन न्यूट्रिशन में 2020 में प्रकाशित एक रिव्यू में पाया गया कि नियमित एवोकाडो खाने से बॉडी में फाइबर, विटामिन ई, विटामिन के,मैग्नीशियम और पोटैशियम की कमी पूरी होती है।

एवोकैडो एक स्वादिष्ट और मलाईदार फल है। कई रिसर्च में ये बात साबिद हो चुकी है कि इस फल का सेवन करने से दिल की सेहत दुरुस्त रहती है। रिसर्च के मुताबिक जिन लोगों ने रेगुलर एवोकाडो का सेवन किया उनका कोलेस्ट्रॉल का स्तर कंट्रोल रहा और दिल की सेहत दुरुस्त रही। ये एक ऐसा फल है जिसमें वसा बेहद कम मौजूद होती है जो वजन को कंट्रोल करती है।

अपोलो अस्पताल की मुख्य पोषण विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका रोहतगी ने बताया कि एवोकैडो मोनोअनसैचुरेटेड फैट से भरपूर होता है,जो एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को कम करता है। इसका घुलनशील फाइबर कोलेस्ट्रॉल अणुओं से बंधता है, रक्तप्रवाह में उनके अवशोषण को रोकता है। इसका सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि इस फल का सेवन करने से कैसे दिल की सेहत दुरुस्त रहती है और वजन कम होता है।

एवोकाडो दिल के लिए सुपरफूड क्यों माना जाता है?

एवोकैडो एक ऐसा फल है जो मोनोअनसैचुरेटेड फैट से भरपूर होता है जिसे दिल की सेहत के लिए बेस्ट माना जाता है। इसका सेवन करने से ब्लड वैसल्स फंक्शन में सुधार होता है और सूजन कम होती है। पोटैशियम से भरपूर ये फल ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है। विटामिन ई और एंटीऑक्सिडेंट गुणों से भरपूर ये फल कोशिकाओं को क्षति और सूजन से बचाव करता है। इसका सेवन करने से दिल की संपूर्ण सेहत में सुधार होता है।

एवोकाडो में फोलेट सहित विटामिन बी होता है, जो होमोसिस्टीन के स्तर को कम करने में सहायता करता है, जिससे हृदय रोग का खतरा कम होता है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि एवोकाडो दिल के लिए हेल्दी है लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि आप अपने लाइफस्टाइल और खान-पान की आदते नहीं बदलें। इस फल का सेवन करने के साथ ही आपको एक्सरसाइज करने की भी जरुरत होती है।

एवोकाडो वजन कम करने में कैसे सहायक है

एवोकाडो की न्यूट्रिशन प्रोफाइल पर ध्यान दें तो ये फल दिल की सेहत में सुधार करता है और वजन को कंट्रोल करता है। हाई कैलोरी ये फल मोनोअनसैचुरेटेड वसा में समृद्ध होता है,जो भूख को शांत करता है और पेट को लम्बे समय तक भरा रखता है। इसका सेवन करने से आप कम खाते हैं और आपकी बॉडी में फैट भी कम डिपोजिट होता है। फाइबर से भरपूर ये फल पाचन में सहायता करता हैं इसे खाने के बाद जल्दी भूख नहीं लगती और वजन कंट्रोल रहता है।