हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि स्वस्थ रहने के लिए गट हेल्थ का ठीक रहना सबसे अधिक जरूरी है। वहीं, आप अपनी दैनिक दिनचर्या में कुछ सरल बदलाव कर आपके आंतों के स्वास्थ्य में काफी हद तक सुधार कर सकता है। इसी कड़ी में न्यूट्रिशनिस्ट और फिटनेस कोच नेहा परिहार ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट में न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं कि गट हेल्थ को स्वस्थ बनाने के लिए केवल 14 दिन भी काफी हैं। केवल 14 दिनों में आप अपनी लाइफस्टाइल और खाने-पीने की आदतों में कुछ सामान्य बदलाव कर आंतों के लिए हेल्दी गट माइक्रोबायोम को बढ़ा सकते हैं, जिससे आपका पाचन भी बेहतर होगा और ओवरऑल गट हेल्थ भी बेहतर तरीके से फंक्शन करेगी। आइए समझते हैं इन बदलावों के बारे में विस्तार से-

आहार में विविधता लाएं

न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, ‘अलग-अलग खाद्य पदार्थ अलग-अलग प्रकार के बैक्टीरिया का समर्थन करते हैं। आसान भाषा में कहें, तो खाद्य पदार्थों की एक विविध श्रृंखला एक विविध माइक्रोबायोम को बनाए रखने में मदद करती है, जिससे आपकी गट हेल्थ बेहतर रहती है।’

खाने को अच्छी तरह चबाकर खाएं

नेहा परिहार के मुताबिक, आपके भोजन का पाचन आपके मुंह से शुरू होता है। ऐसे में खाने को धीरे-धीरे खाने, अच्छी तरह चबाने और स्वाद लेने से पाचन में सुधार हो सकता है। देर तक चबाने से भोजन छोटे-छोटे कणों में टूट जाता है, जिससे पाचन एंजाइमों के लिए अपना काम करना और आसान हो जाता है और इस तरह भी आपकी गट हेल्थ दुरुस्त रहती है।

पॉलीफेनोल रिच फूड का सेवन करें

पॉलीफेनोल दरअसल एक मैक्रोन्यूट्रिएंट है, जो पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थों के सेवन से प्राप्त होता है। पॉलीफेनोल्स कई खाद्य पदार्थों, जड़ी-बूटियों और मसालों में पाए जाते हैं। जैसे- सेब पॉलीफेनोल्स का एक बड़ा स्रोत हैं, प्याज में पॉलीफेनोल यौगिक होते हैं, जो आंत के स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। इससे अलग आप बादाम, ब्रोकोली, हल्दी आदि को भी अपनी डेली डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।

खूब खाएं फाइबर

न्यूट्रिशनिस्ट के साथ-साथ कई अन्य हेल्थ रिपोर्ट्स भी बताती हैं कि आंतों के स्वास्थ्य के लिए फाइबर का सेवन सबसे अधिक जरूरी है। फाइबर आंत में लाभकारी बैक्टीरिया के विकास में सहायता करता है। साथ ही एक संतुलित और समृद्ध गट माइक्रोबायोम को बढ़ावा देता है। ऐसे में आप नियमित रूप से फल, सब्जियां, फलियां और साबुत अनाज जैसे फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन कर सकते हैं। इससे आपकी गट हेल्थ हमेशा दुरुस्त रह सकती है।

शुगर से बनाएं दूरी

शुगर आपके माइक्रोबायोम के लिए कुछ हद तक अच्छी हो सकती है। हालांकि, अधिक मात्रा में इसका सेवन करने से आंतों के गुड बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं। इतना ही नहीं, कई बार अतिरिक्त शुगर आंतों में सूजन की भी वजह बन सकती है। ऐसे में हेल्दी गट के अतिरिक्त चीनी का सेवन करने से बचें।

ओवरनाइट फास्टिंग (कम से कम 13-15 घंटे)

इन सब से अलग न्यूट्रिशनिस्ट हेल्दी गट के लिए रोजाना कम से कम 13 से 15 घंटे की ओवरनाइट फास्टिंग करने की सलाह देती हैं। ऐसा करने पर भी माइक्रोबायोम में सकारात्मक बदलाव आते हैं, जो समग्र आंत कार्य के लिए फायदेमंद हैं।

इस तरह इन 6 आसान कामों को अपनी आदत का हिस्सा बनाकर आप गट हेल्थ को पूरी तरह स्वस्थ रख सकते हैं, जिससे ना केवल आपका पाचन बेहतर होगा, आपको पेट की गड़बड़ी से राहत मिलेगी, बल्कि ये आपकी ओवरऑल हेल्थ के लिए भी बेहद फायदेमंद है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।