राजधानी दिल्ली समेत देशभर में आए दिन आई फ्लू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। घरों में एक के बाद एक लोग इस संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। वहीं, बच्चों में ये बीमारी अधिक तेजी से फैल रही है। ऐसे में इस परेशानी को लेकर लोगों के मन में कई सवाल भी हैं। जैसे- ये बीमारी किन कारणों के चलते फैल रही है? इसके लक्षण क्या है? किन लोगों के लिए ये अधिक खतरनाक है? क्या ये देखने या छूने से फैलती है? आई फ्लू ना हो इसके लिए कैसे खुद का ध्यान रखें या इसकी चपेट पर किन बातों को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है आदि। इस लेख में हम आई फ्लू से जुड़े ऐसे ही कुछ सवालों का जवाब दे रहे हैं, लेकिन इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर आई फ्लू है क्या?
सवाल नंबर 1- क्या होता है आई फ्लू?
जवाब- आई फ्लू आंखों का इन्फेक्शन है, जिसे आम भाषा में ‘आंखों का आना’ कहा जाता है। इसके अलावा इसे कंजंक्टिवाइटिस, पिंक आई, रेड आई भी कहते हैं। इस तरह की स्थिति में आंखों के सफेद भाग में इंफेक्शन फैल जाता है, जिसके चलते पीड़ित को देखने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। आई फ्लू होने पर कंजंक्टिवा में सूजन बढ़ने लगती है। वहीं, कंजंक्टिवा क्लियर लेयर होती है, जो आंख के सफेद भाग और पलकों की आंतरिक परत को कवर करती है।
सवाल नंबर 2- अचानक क्यों बढ़ रहे हैं इसके मामले?
जवाब- हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो मानसून में कम टेम्प्रेचर और हाई ह्यूमिडिटी की वजह से लोग अधिक तेजी से बैक्टीरिया, वायरस और एलर्जी के संपर्क में आते हैं और यही एलर्जिक रिएक्शन या आई इन्फेक्शन जैसे कंजंक्टिवाइटिस का कारण बनते हैं। वहीं, पिछले दिनों दिल्ली और इससे जु़ड़े आसपास के कई इलाकों में भारी बारिश के चलते कई दिनों तक गंदा पानी भरा रहा। जलभराव के कारण कई तरह की बीमारियों का खतरा भी देखा गया। हालांकि, इसमें आई फ्लू के मामले सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं।
सवाल नंबर 3- आई फ्लू के लक्षण क्या हैं?
जवाब- आई फ्लू के लक्षणों में आंखें लाल होना, आंखों में चुभन, खुजली, सूजन, दर्द, पलकें चिपकना, बिना वजय पानी आना, लाइट सेंसिटिविटी, आदि शामिल हैं।
सवाल नंबर 4- किन लोगों में आई फ्लू होने का रिस्क ज्यादा है?
जवाब- वैसे तो ये बीमारी किसी को भी अपनी चपेट में ले सकती है। हालांकि, बच्चों, एलर्जिक पेशेंट, बुजुर्ग और वीक इम्यूनिटी वाले लोगों में इससे पीड़ित होने के चांस अधिक रहते हैं।
सवाल नंबर 5- क्या ये देखने और छूने से फैलता है?
जवाब- हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कंजंक्टिवाइटिस छूने से फैल सकता है। हालांकि, ये इन्फेक्शन किसी की भी आंख में देखने से नहीं होता है।
सवाल नंबर 6- लक्षण दिखने पर या आई फ्लू से बचने के लिए क्या करें?
- जवाब- कंजंक्टिवाइटिस के लक्षण दिखने पर आंखों को बार-बार छूने से बचें।
- अगर आंखों से पानी आ रहा है, तो एक साफ कपड़े की मदद से उसे साफ करते रहें।
- किसी दूसरे व्यक्ति का मेकअप जैसे कॉजल, आई लाइनर लगाने से बचें।
- किसी अन्य व्यक्ति के टॉवल का इस्तेमाल भी ना करें।
- दिन में 2 से 3 बार गर्म रुमाल से आंखों की सिकाई करें।
- इसके अलावा अधिक धूल वाली किसी भी जगह पर जाने से बचें।
सवाल नंबर 7- आई फ्लू होने पर बरते क्या सावधानी?
- जवाब- अगर आप इस बीमारी की चपेट में आ गए हैं, तो सबसे पहले खुद को आइसोलेट कर लें।
- 3 से 4 दिनों तक घर से बाहर जाने से बचें।
- साफ धुले और ड्राई टॉवल का इस्तेमाल करें।
- आंखों से छूने से बचाने के लिए चश्मा लगाए रहें।
- साफ सफाई का अधिक ध्यान रखने की जरूरत है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।