बदलते मौसम के साथ खानपान का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी है, क्योंकि ऐसा नहीं करने पर कई स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। मौसम के अनुसार, कई सब्जियां और फल बाजार में आते हैं। जिनके सेवन से बीमारियों के साथ-साथ सेहत को भी कई फायदे मिलते हैं। दरअसल, अब गर्मियां शुरू हो गई हैं। कई इलाकों में सूरज तप रहा है। इस मौसम की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है डिहाइड्रेशन।
गर्मी के मौसम में ज्यादा पसीना आना आम बात है। इसके कारण शरीर में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। तरबूज एक ऐसा फल है जिसे इस मौसम में हर कोई खाना पसंद करता है, लेकिन बहुत से लोग इसके लाभों के बारे में ज्यादा नहीं जानते। दरअसल, तरबूज हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा है। यह शरीर में कई गंभीर बीमारियों से छुटकारा पाने में मदद करता है।
नोएडा स्थित आरोग्यं हेल्थ सेंटर के क्लीनिकल डाइटिशियन डॉ. वीडी त्रिपाठी ने बताया कि किडनी की समस्या से परेशान लोगों के लिए तरबूज फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और फाइबर किडनी की समस्याओं में होने वाली परेशानियों को कम करने में मदद करते हैं। तरबूज को किडनी की समस्या के लिए रामबाण माना जाता है।
किडनी के लिए अमृत
तरबूज एक ऐसा फल है जिसमें 92% पानी होता है। इसके फल और बीज हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छे हैं। इसमें विटामिन सी, विटामिन ए, बी6, पोटेशियम, मैग्नीशियम, आयरन, फास्फोरस, फोलेट और कैल्शियम उच्च मात्रा में होता है। ये हमें कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। इसके अलावा इसे गुर्दे की बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए अमृत के समान बताया गया है।
40 प्रतिशत विटामिन सी
यह किडनी में दर्द, सूजन, भूख न लगना और गुर्दे में संक्रमण जैसी विभिन्न समस्याओं का समाधान है। ऐसा कहा जाता है कि रोज सुबह खाली पेट एक गिलास तरबूज का जूस पीना बहुत फायदेमंद होता है। इसके अलावा इसका जूस शरीर से विषाक्त पदार्थों यानी टॉक्सिन को बाहर निकालता है और किडनी को स्वस्थ रखता है। तरबूज में 40% विटामिन सी होता है। अस्थमा के रोगियों के लिए यह बहुत फायदेमंद है।
टॉक्सिन को बाहर निकालने में लाभकारी
किडनी खाने के पाचन के दौरान बनने वाली अशुद्धियों और अपशिष्ट पदार्थों को छानकर बाहर निकाल देती है। इनका बाहर निकलना भी बहुत जरूरी है, नहीं तो किडनी खराब हो सकती है। तरबूज में प्रचुर मात्रा में ऐसे गुण होते हैं जो विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं। ये विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालते हैं और संक्रमण को रोकते हैं।
त्वचा के लिए फायदेमंद
अगर आपके चेहरे पर मुंहासे, काले घेरे और दाग-धब्बे जैसी त्वचा संबंधी समस्याएं हैं, तो तरबूज से ये कम हो सकते हैं। किडनी की मदद करने वाले फल चेहरे की त्वचा संबंधी समस्याओं को भी कम कर सकते हैं। जो लोग धूप में निकलते हैं उनके चेहरे पर जल्दी टैनिंग हो जाती है। ऐसे में तरबूज का एक टुकड़ा फ्रिज में रखें और अपने चेहरे पर मालिश करें, तो टैनिंग गायब हो जाएगी।
इसके अलावा खाने के बाद इन 2 चीजों को तुरंत चबा लीजिए, पाचन तंत्र करने लगेगा तेजी से काम, सुबह उठते ही पेट की हो जाएगी सफाई।