Diabetes Remedies: शरीर में जब शुगर लेवल बढ जाता है तो लोग डायबिटीज की चपेट में आ जाते हैं। ये एक लाइलाज बीमारी है जिसमें मरीजों को अपने खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। डायबिटीज से पीड़ित लोगों की इम्युनिटी दूसरों की तुलना में कमजोर होती है। स्ट्रेस, खराब खानपान, अस्वस्थ जीवन शैली के कारण रक्त शर्करा का स्तर बढ़ जाता है। ब्लड में शुगर लेवल बढ़ने से न केवल डायबिटीज का खतरा ज्यादा होता है बल्कि इसके कारण आंखें, दिल, किडनी, हड्डियां भी कमजोर होती है। ऐसे में इसे कंट्रोल करना बेहद जरूरी है जिसके लिए लोगों को अपनी डाइट में हेल्दी फूड्स और ड्रिंक्स शामिल करने चाहिए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि नीम और गिलोय से बना ड्रिंक फायदा पहुंचा सकता है –

नीम: नीम के पत्तों में ग्लाइकोसाइड्स और एंटी वायरल गुण उच्च मात्रा में पाए जाते हैं। ये शुगर लेवल कंट्रोल करने में सहायक होता है, साथ ही नीम डायबिटीज के कारण होने वाली अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को भी दूर करने में मदद करता है। इन पत्तियों को बीटा कोशिकाओं में इंसुलिन की संवेदनशीलता में सुधार करने के लिए भी जाना जाता है।

गिलोय: आयुर्वेद में गिलोय को औषधि का दर्जा दिया जाता है जिसे गुडुची के नाम से भी जाना जाता है। इसका इस्तेमाल मधुमेह नियंत्रण में भी किया जाता है। बताया जाता है कि शरीर में मौजूद एक्स्ट्रा ग्लूकोज को बर्न करने में ये आयुर्वेदिक औषधि मददगार साबित होता है। गिलोय का ग्लाइसेमिक इंडेक्स वैल्यू बेहद कम होता है जिस वजह से विशेषज्ञ इसे एंटी-डायबिटिक भी करार देते हैं।

कैसे बनाएं नीम और गिलोय ड्रिंक: इस जूस को बनाने के लिए आपको 10 से 15 नीम के पत्तों की जरूरत होगी। साथ ही, करीब 1 चम्मच गिलोय पाउडर, अदरक का एक कद्दूकस किया हुआ टुकड़ा, 5 से 10 पुदीने के पत्ते, आधा चम्मच काली मिर्च और स्वादानुसार नमक लें।

नीम के पत्तों को धोकर उबाल लें। मिक्सी में इन पत्तों के साथ गिलोय पाउडर, अदरक, पुदीना, काली मिर्च और नमक डालें। पीसने के बाद अच्छे से छानकर इसमें पानी मिलाएं। रोजाना एक गिलास इस जूस का सेवन करें।

इन ड्रिंक्स को पीने से भी होगा फायदा: डायबिटीज रोगी छाछ, करेले का जूस, खीरे का जूस, करी पत्ते का जूस, सेब का जूस और संतरे का रस पी सकते हैं।