कहते हैं कि मां बनना इस दुनिया का सबसे खूबसूरत एहसास है। हालांकि, ये समय प्यार भरे इस एहसास के साथ-साथ कई चुनौतियां भी लेकर आता है। मां बनने के बाद महिलाओं के शरीर में तमाम तरह के बदलाव होते हैं। जैसे- शरीर का वजन अचानक बहुत अधिक बढ़ जाता है, समय-समय पर थकान और कमजोरी बॉडी को जकड़ लेती है, अपने बच्चे के लिए रात-रातभर जागना पड़ता है, खानपान पर खास ध्यान देना पड़ता है आदि। इन तमाम बातों से अलग कुछ महिलाओं के लिए स्‍तनपान सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण होता है।

भले ही मां बनने के बाद ब्रेस्टफीडिंग करना जच्चा और बच्चा दोनों के लिए ही जरूरी और फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इस दौरान कुछ महिलाओं को बेहद कठिनाई का सामना भी करना पड़ता है। खासकर शुरुआत में स्‍तनपान करते समय असहजता के एहसास के साथ-साथ ब्रेस्ट में दर्द और सूजन की समस्या परेशान करने लगती है। इतना ही नहीं, कई बार ये दर्द इतना ज्यादा बढ़ जाता है, जिसे सहन कर पाना महिलाओं के लिए मुश्किल हो जाता है। ऐसे में ब्रेस्ट में दर्द या सूजन की समस्या से राहत पाने के लिए वे दवाओं से अलग तमाम तरह के नुस्खों का सहारा लेती हैं। वहीं, इन्हीं नुस्खों में से एक है पत्तागोभी का इस्तेमाल।

दरअसल, माना जाता है कि अगर स्तनपान कराने के चलते महिलाएं ब्रेस्ट में दर्द या सूजन से परेशान हैं, तो इस स्थिति में पत्तागोभी का इस्तेमाल राहत प्रदान करने में मददगार हो सकता है। साथ ही जो महिलाएं दूध छुड़ाने की कोशिश कर रही हैं, उनके लिए भी ये हैक काम कर सकता है। इसके लिए बस आपको पत्तागोभी के पत्तों को स्तनों पर लगाना है, ऐसा करने पर स्तनों में सूजन को कम किया जा सकता है, दर्द से राहत मिल सकती है, साथ ही स्तनों से दूध भी आना कम होने लगता है। अब, सवाल ये उठता है कि राहत पाने के लिए ये तरीका क्या वाकई असरदार है? अगर हां, तो क्या ये महिलाओं के सेफ है? आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

ब्रेस्टफीडिंग से पत्तागोभी का क्या है कनेक्शन?

हेल्थलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पत्तागोभी में कूलिंग प्रभाव होते हैं। ऐसे में स्तनपान के बाद ब्रेस्ट पर पत्तागोभी के कुछ पत्तों को लगाने से मिलने वाली ठंडक सूजन को कम करने में असर दिखा सकती है। इससे अलग कुछ शोध के नतीजे बताते हैं कि पत्तागोभी के पत्तों में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण और कुछ आवश्यक अमीनो एसिड होते हैं, जो स्तनों में रक्त के प्रवाह को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं, सूजन को कम कर सकते हैं और दर्द से भी राहत दिला सकते हैं। हालांकि, अगर आप केवल दर्द और सूजन से राहत पाने के लिए इन पत्तों का इस्तेमाल करती हैं, तो आपको एक महत्वपूर्ण बात ध्यान में रखनी चाहिए, वो ये कि जैसे ही आपको राहत महसूस होने लगे, आपको पत्तागोभी के पत्ते लगाना तुरंत बंद कर देना है। ऐसा इसलिए क्योंकि ये उपाय आपके दूध की आपूर्ति को कम करने में भी योगदान कर सकता है।

दूध छुड़ाने के लिए कितनी देर करें इस्तेमाल?

रिपोर्ट के मुताबिक, दूध छुड़ाने के लिए आप पत्तागोभी के पत्तों को अपने स्तनों पर तब तक लगाकर छोड़ सकती हैं, जब तक कि पत्ते मुरझाने न लगें (अधिकतम 20 मिनट)। इससे अलग आप इस उपचार को दिन में जितनी बार चाहें उतनी बार दोहरा सकती हैं।

कितना सेफ है ये तरीका?

रिपोर्ट के मुताबिक, आमतौर पर पत्तागोभी के इस्तेमाल का ये तरीका अधितर महिलाओं के लिए राहतभरा हो सकता है। हालांकि, अगर आपको गोभी से एलर्जी है या स्तनों पर पत्तागोभी लगाने के बाद आपको जलन, खुजली या ड्राइनेस का सामना करना पड़ रहा है, तो इस तरीके को अपनाने से बचें। ऐसी स्थिति में आप हेल्थ एक्सपर्ट्स की सलाह के बाद अन्य तरीके अपना सकती हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।