मोटापा आज के समय में सबसे आम समस्या बन गया है। हर दूसरा व्यक्ति मोटापे से परेशान है। मोटापे के चलते ही कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। हालांकि, वजन कम करने के लिए लोग तमाम तरह के उपाय और तरीके इस्तेमाल करते हैं, जिनसे कुछ समय के लिए मोटापा कम हो जाता है, लेकिन कुछ टाइम बार शरीर फिर से मोटा हो जाता है। अगर, आप अपना वेट लॉस जल्दी करना चाहते हैं तो आपको ज्यादा कुछ नहीं करना बस, अपने खानपान की आदतों में कुछ जरूरी बदलाव करने हैं, जिन्हें हमेशा के लिए फॉलो करना होगा। इन बदलाव से न सिर्फ मोटापा कम होगा, बल्कि कई बीमारियों से भी बचाव होगा। हैदराबाद के केयर हॉस्पिटल्स में बैरिएट्रिक सर्जन और मोटापा विशेषज्ञ, डॉ. वेणुगोपाल पारीक ने वजन कम करने के लिए भोजन करने का सही समय बताया है। जिसकी मदद से आप अपना वेट लॉस आसानी से कर सकते हैं।  

डॉ. वेणुगोपाल पारीक के मुताबिक, भागदौड़ भरी जिंदगी में अक्सर लोग दिनभर तो खाने का ध्यान रखते हैं, लेकिन रात का खाना अक्सर देर से खाते हैं और यही आदत धीरे-धीरे सेहत को नुकसान पहुंचाने लगती है। रिसर्च और एक्सपर्ट्स की मानें तो रात 8 बजे के बाद कुछ भी नहीं खाना चाहिए। डॉ. पारीक के मुताबिक, जब आप समय पर डिनर करते हैं, तो इससे न सिर्फ पाचन बेहतर होता है, बल्कि नींद की गुणवत्ता बढ़ती है। इसके साथ ही मोटापा कंट्रोल में आता है और कई बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है।

वजन घटाने में मददगार

अगर, रात के समय सही टाइम पर खाना खा लिया जाए तो शरीर को उसे पचाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है। इससे शरीर में एक्स्ट्रा फैट जमा नहीं होता और मेटाबॉलिज्म बेहतर तरीके से काम करता है। वजन बढ़ने के कारण में रात में देर खाना मुख्य कारण है।

पाचन तंत्र अच्छा होगा

रात के खाने और सोने के बीच में अगर 2-3 घंटे का अंतर है, तो खाना अच्छी तरह पचता है। इससे गैस, अपच, एसिडिटी और भारीपन जैसी समस्याएं नहीं होती। इसके साथ ही टाइम से खाने पर पेट हल्का रहता है और नींद बेहतर आती है।

ब्लड शुगर कंट्रोल

रात को देर से खाना खाने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है। शुगर के मरीजों के लिए रात में देर खाना खाना हानिकारक हो सकता है। रात 8 बजे से पहले खाना ब्लड ग्लूकोज को स्थिर बनाए रखने में मदद करता है और इससे शुगर लेवल भी नहीं बढ़ता।

हार्मोन बैलेंस

रात में देर से खाना खाने पर मेलाटोनिन जैसे नींद से जुड़े हार्मोन के प्रोडक्शन को बाधित करता है। समय पर खाना खाने से नींद की गुणवत्ता में सुधार आता है और शरीर का सर्केडियन रिदम भी ठीक बना रहता है।

दिल के लिए अच्छा

कई रिसर्च में पाया गया है कि जो लोग रात में देर से खाना खाते हैं, उन लोगों में हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल और हार्ट डिजीज का खतरा अधिक बढ़ जाता है। रात में टाइम से डिनर करने से दिल की सेहत बेहतर बनी रहती है।

वहीं, जर्नल ऑफ अफेक्टिव डिसऑर्डर्स में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, खराब लाइफस्टाइल के कारण तनाव होता है और इससे मेंटल हेल्थ पर असर पड़ता है।