Shakarkandi Ke Nuksan: सर्दियों के मौसम में शकरकंद को बहुत पसंद किया जाता है। शकरकंद न सिर्फ सेहत के लिए फायदेमंद होती है, बल्कि कई बीमारियों से भी राहत दिलाने में असरदार होती है। शकरकंद में कई पोषक तत्व होते हैं। इसमें विटामिन ए और सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। सर्दियों के मौसम में शकरकंद सबसे अच्छा इम्यूनिटी बूस्टर माना जाता है। ये शरीर को गर्म रखती है, लेकिन शकरकंद के कुछ बीमारियों वालों के लिए घातक भी होता है। शकरकंद के नुकसान के बारे में दिल्ली के सरोज सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एच ओ डी डायटिक्स डॉ. निधि धवन ने बताया है।
डॉ. निधि धवन के मुताबिक, शकरकंद को हर उम्र के लोग खा सकते हैं और इसे हर मौसम में खाया जा सकता है, लेकिन कुछ बीमारियों में शकरकंद को नहीं खाना चाहिए। ये शरीर को फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकती है।
शकरकंद के नुकसान
- शुगर के मरीजों के लिए हानिकारक
- किडनी स्टोन
- पेट की समस्या
शुगर मरीजों को बचना चाहिए
शकरकंद में ग्लाइसेमिक इंडेक्स अधिक होता है, जो ब्लड शुगर लेवल को बढ़ा सकता है। ऐसे में डायबिटीज के रोगियों को शकरकंद का सेवन नहीं करना चाहिए। शुगर के मरीजों को अधिक ग्लिसमिक इंडेक्स वाले फूड्स के सेवन से बचना चाहिए। अगर, आप इसके बावजूद भी शकरकंद खाना चाहते हैं, तो इसे हमेशा उबालकर ही खाएं।
पेट की समस्या
पेट से जुड़ी समस्या होने पर शकरकंद के सेवन से बचना चाहिए, क्योंकि शकरकंद में एक तरह का कार्बोहाइर्ड्रेट मौजूद होता है, जिसका नाम मैनिटोल है। यह पेट से जुड़ी समस्या को और बढ़ा सकता है। इससे कब्ज, गैस, पेट फूलना, सूजन और दर्द की दिक्कत हो सकती है।
किडनी स्टोन
पथरी की समस्या से पीड़ितों को शकरकंद का सेवन नहीं करना चाहिए। शकरकंद में ऑक्सलेट पाया जाता है, जो एक तरह का कार्बनिक एसिड होता है। इससे किडनी स्टोन में होने वाली समस्या और अधिक बढ़ सकती है। शकरकंद में पोटैशियम मौजूद होता है, जो किडनी पर अधिक दबाव डालता है।
सर्दियों के मौसम शकरकंद खाने के फायदे
- इम्यूनिटी के लिए अच्छा
- हृदय स्वास्थ्य में सुधार
- त्वचा के लिए फायदेमंद
इम्यूनिटी के लिए अच्छा
शकरकंद में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें मौजूद विटामिन ए और विटामिन सी इम्यूनिटी को बनाए रखने के लिए जरूरी होते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, विटामिन ए प्रतिरक्षा प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सर्दियों के दौरान संक्रमण से बचाने के लिए फायदेमंद होती है।
हार्ट के लिए फायदेमंद
शकरकंद में बीटा-कैरोटीन के अलावा एंटीऑक्सीडेंट ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन से लड़ते हैं, जो हार्ट के लिए अच्छा रहता है। जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक, शकरकंद में पोटैशियम और फाइबर अच्छा मात्रा में पाया जाता है, जो हार्ट स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
त्वचा के लिए फायदेमंद
शकरकंद बीटा-कैरोटीन एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जो समय से पहले बुढ़ापे के लिए जिम्मेदार मुक्त कणों को बेअसर करके त्वचा की रक्षा करते हैं।