अब तो कम उम्र में भी यह समस्या गंभीर रूप में प्रकट होने लगी है। दरअसल, व्यस्त जिंदगी, तनाव और अनियमित खानपान का हमारे पाचन तंत्र पर गहरा प्रभाव पड़ता है। इसके चलते लोगों को पाचन तंत्र से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जैसे कि गैस, छाती के नीचे दर्द, अपच, सिरदर्द, चिड़चिड़ापन और कब्ज की समस्या। कब्ज के कारण कई बार लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याएं भी होने लगती हैं, जैसे कि बवासीर, चेहरे पर मुंहासे की दिक्कत, दिल की बीमारी, थकान और सिर दर्द। अगर किसी को छह महीने से अधिक कब्ज रहती है, तो उसे गंभीर स्थिति कहा जाता है। अगर आप कब्ज से जल्द छुटकारा पाना चाहते हैं तो आपको अपनी जीवन शैली में कुछ बदलाव अवश्य करना चाहिए। कब्ज की समस्या से पार पाने के लिए कुछ घरेलू नुस्खे भी अपनाए जा सकते हैं।

पानी

आमतौर पर यह समस्या उन लोगों में देखी जाती है, जो पानी कम पीते हैं। रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। सुबह उठते ही कम से दो गिलास गुनगुना पानी पीएं। अगर समस्या ज्यादा है, तो एक गिलास गुनगुने पानी में नींबू का रस और शहद मिलाकर पीएं। पेट साफ होने लगेगा। दिन भर थोड़ा-थोड़ा करके पानी पीना चाहिए। इससे पाचन तंत्र में सुधार के अलावा कई बीमारियां भी खत्म हो जाएंगी।

लहसुन

खाने में लहसुन का सेवन जरूर करना चाहिए, क्योंकि यह मल को मुलायम कर आंतों से आसानी से बाहर करने की क्षमता रखता है। इसमें एंटी इनफ्लामेट्री के गुण पाए जाते हैं, जो पेट के सूजन को कम करता है। लहसुन को रोजाना भोजन में भी शामिल करना चाहिए। चाहें तो रोजाना लहसुन की एक-दो कलियां खा सकते हैं। इससे आंतें स्वस्थ रहेंगी।

मेथी
कब्ज में मेथी का सेवन लाभकारी साबित होता है। रोजाना सोने से पहले एक चम्मच मेथी का चूर्ण गुनगुने पानी से लें। सुबह आसानी से पेट साफ होने लगेगा। इसके अलावा आपको रोजाना दही का भी सेवन करना है। जो आपके पेट में लाभदायक बैक्टीरिया की कमी को पूरा करता है। पेट को साफ रखने के लिए लाभदायक बैक्टीरिया दही में होते हैं। दही खाने से पहले एक बात ध्यान रखें कि दही ताजा हो, कई दिन पुराना दही न खाएं और इसे रात में खाने से बचें। इससे गैस, कब्ज और अपच जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।

दिनचर्या में बदलाव

कब्ज की समस्या से बचने का सबसे अच्छा उपाय यह है कि आप अपनी रोजमर्रा को ठीक करें और इनमें आहार और व्यायाम से जुड़ी स्वस्थ आदतों को शामिल करें। समय पर सोएं और सुबह समय पर जागें। तनाव न लें और खुश रहने की कोशिश करें।

सैर करें
अगर आप सुबह आलसी बने रहते हैं तो यह स्थिति और अधिक खराब हो सकती है। हमारी आंतें अच्छे से सक्रिय रहें, इसके लिए उनका अच्छे से आक्सीजनीकृत होना जरूरी है। आपका हर रोज सक्रिय रहना काफी जरूरी है, इसलिए रोजाना आधे घंटे तक सैर करें। हर भोजन के बाद भी आपको थोड़ी-बहुत सैर करनी चाहिए।

रेशेदार भोजन

अगर आप चाहते हैं कि आपकी कब्ज जल्द ठीक हो जाए तो आपको अपने खाने में अधिक से अधिक फाइबर युक्त यानी रेशेदार चीजें शामिल करनी होंगी। हर रोज पच्चीस से तीस ग्राम फाइबर अपने भोजन में शामिल करना चाहिए। इसके लिए आप हरी, पत्तेदार सब्जियां, चोकरयुक्त रोटी और फल आदि खा सकते हैं।

दबाव बिंदु

हमारे शरीर के बहुत से बिंदु हमारी आंतों से जुड़े होते हैं। अगर उन पर दबाव डाला जाए तो आपको कब्ज में बहुत राहत मिल सकती है। इसके लिए आपको अपने अंगूठे और तर्जनी के कोने पर पांच से दस सेकेंड के लिए दबाना चाहिए। अपने चेहरे पर भी आप अपनी अंगुलियों से मालिश कर सकते हैं। अगर आपको हृदय रोग या किसी प्रकार का संक्रमण है, तो इसे बिल्कुल न करें।

योग करें

योग करने से पेट की आंतरिक संरचना सक्रिय होती है। हर रोज कम से कम पंद्रह मिनट के लिए योग करना चाहिए। आप वज्रासन, भुजंगासन, हलासन, पवनमुक्तासन, पश्चिमोत्तानासन आदि कर सकते हैं। इन्हें हर रोज करने से शरीर तो स्वस्थ होता ही है, कब्ज से भी राहत मिलती है।

जांच

अगर आप बहुत लंबे समय से कब्ज से परेशान हैं, तो आपको एक बार ओस्टियोपैथ से चेक करवाना चाहिए, क्योंकि आपकी रीढ़ और आपके पाचन तंत्र की सेहत एक-दूसरे से जुड़ी होती है, इसलिए ओस्टियोपैथ से जांच करवाना बेहतर होता है।

(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)