हमारा खान-पान और लाइफस्टाइल इतना ज्यादा खराब हो रहा है कि हम खाने के नाम पर कुछ भी खा लेते हैं। खराब डाइट और बिगड़ते लाइफस्टाइल का ही नतीजा है कि आज कम उम्र में उम्रदराज़ लोगों को होने वाली बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। आज 30-40 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से मौत होने के मामले सामने आ रहे हैं। कम उम्र के बच्चों की आंखों पर चश्मा लग रहा है, छोटी उम्र में ही लोग बीपी और हाई ब्लड शुगर का शिकार हो रहे हैं। हमारी डाइट हमें जाने-अनजाने में ही बीमार बना रही है। डाइट का सबसे ज्यादा असर हमारे पेट और आंतों पर पड़ता है।

हम सभी जानते हैं कि पेट की हेल्थ दुरुस्त नहीं रहती तो कुछ भी ठीक नहीं लगता। पाचन में खराबी और कब्ज की बीमारी ना सिर्फ पेट में गंदगी जमा कर देती है बल्कि मानसिक तनाव भी पैदा कर देती है। आयुर्वेद के मुताबिक सभी समस्याओं को पेट से जोड़कर देखा गया है। नींद से लेकर तनाव और परेशानियों को पेट से जोड़कर देखा जाता है। बॉडी में पनप रही बीमारियों को दूर करने के लिए पेट में सुधार करना बेहद जरूरी है।

विश्व प्रसिद्ध सद्गुरु जग्गी वासुदेव के मुताबिक सुबह अगर पेट साफ नहीं होता तो आपका पूरा दिन खराब रहता है। सदगुरु ने बताया कि लोग हर समय खाते रहते हैं जिसका असर उनके पेट पर साफ दिखता है। सदगुरु के मुताबिक एक खाने से दूसरे खाने के बीच में 8 घंटे का अंतर होना जरूरी है। समय के मुताबिक कम खाकर आप अपने पाचन को दुरुस्त रख सकते हैं। सदगुरु ने पाचन को दुरुस्त रखने के लिए सुबह खाली पेट हल्दी और नीम का सेवन करने की सलाह दी है। आइए सदगुरु से जानते हैं कि हल्दी और नीम की गोली का सेवन करने से पेट की परतों की सूजन कैसे कम होती है।

नीम और हल्दी कैसे पेट के लिए अमृत हैं?

सदगुरु के मुताबिक नीम और हल्दी की गोली का सेवन अगर सुबह खाली पेट कर लिया जाए तो आपके पेट की सारी परेशानियां दूर हो जाती है। हल्दी और नीम दोनों औषधियां हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक हल्दी पाचन को दुरुस्त करती है और पेट से जुड़ी परेशानियों को दूर करती है। हल्दी का सेवन करने से आंतों की सेहत दुरुस्त रहती है और पेट की सूजन कम होती है। एंटी इंफ्लामेटरी गुणों से भरपूर हल्दी मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करती है। हल्दी पाचन क्रिया को तेज करती है और दर्द से राहत दिलाती है। सुबह खाली पेट अगर हल्दी का सेवन किया जाए तो पेट की परतों में मौजूद सूजन को दूर किया जा सकता है। हल्दी पेट की समस्याओं का कारगर इलाज है।

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट के मुताबिक अगर आप पूरा दिन पेट को साफ रखना चाहते हैं तो दिन की शुरूआत नीम और हल्दी की दो छोटी गोली खाकर करें। औषधीय गुणों से भरपूर नीम का सेवन करने से पेट में मौजूद नुकसान पहुंचाने वाले बैक्टीरियां का सफाया होता है। नीम का सेवन करने से कोलन की हेल्थ दुरुस्त रहती है। नीम और हल्दी का सेवन आप उनकी गोलियां बनाकर करें तो आपकी आंतों की सूजन दूर हो जाएगी। आप ताजा नीम और ताजी हल्दी लें और उसकी गोली बना लें। सुबह खाली पेट एक गोली हल्दी और एक गोली नीम की खाएं तो आपकी आंतों की सूजन दूर हो जाएगी और कई बीमारियों से बचाव भी होगा।