करी पत्ता, जिसे कड़ी पत्ता के नाम से भी जाना जाता है। अपनी मनमोहक सुगंध, स्वाद और अनोखे फायदों की वजह से इसका सेवन भारतीय व्यंजनों में बड़े पैमाने पर किया जाता है। इन पत्तों का इस्तेमाल ज़्यादातर चटनी, करी, स्टू या मीट के व्यंजनों में स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है। रोजाना करी पत्ता का सेवन करने से ये सेहत पर जादुई असर करता है। करी पत्ते सिर्फ़ स्वाद बढ़ाने के लिए ही इस्तेमाल नहीं होता बल्कि सेहत पर ये एक औषधी की तरह असर करता है। इन पत्तों को एक सुपरफ़ूड कहा जाता है। विटामिन ए, विटामिन बी, विटामिन सी, कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे ज़रूरी पोषक तत्वों से भरपूर करी पत्ता को अगर रोजाना खाली पेट चबा लिया जाए तो आंखों की रोशनी बढ़ती है।
पाचन को दुरुस्त करने में ये पत्ता जादुई असर करता है। जिन लोगों की ब्लड शुगर हाई रहती है वो रोजाना अगर कुछ पत्तियां करी पत्ते की खाली पेट चबा लें तो पूरा दिन ब्लड शुगर नॉर्मल रहेगा। स्किन से लेकर बालों तक को हेल्दी रखता है करी पत्ता। इन पत्तों में सूजन-रोधी, जीवाणुरोधी गुण भी मौजूद है जो बॉडी को हेल्दी रखते हैं।
भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र ने बताया करी पत्ता सिर्फ खाने में ही इस्तेमाल नहीं होता बल्कि ये कई बीमारियों का इलाज करने की भी दवा है। आयुर्वेदिक मेडिसिन में इसका इस्तेमाल सदियों से किया जाता रहा है। ये पत्ते स्किन से लेकर बालों तक की परेशानियों का इलाज करते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि करी पत्ता का सेवन करने से सेहत पर कैसा असर होता है और ये कौन-कौन सी 5 मुख्य बीमारियों के लिए काल साबित होता है।
डायबिटीज होती है कंट्रोल
करी पत्ता क्रॉनिक बीमारियों को कंट्रोल करने में जादुई असर करता है। इन पत्तों को रोजाना खाने से डायबिटीज कंट्रोल रहती है। इसमें डायबिटीज विरोधी गुण मौजूद होते हैं जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मददगार हैं। करी पत्ते का सेवन करने से नेचुरल तरीके से इंसुलिन का निर्माण होता है। फाइबर रिच करी पत्ता कार्बोहाइड्रेट को ग्लूकोज में बदलने की प्रक्रिया को धीमा कर देता है जिससे ब्लड शुगर नॉर्मल रहता है।
बालो की ग्रोथ बढ़ाता है
करी पत्ता का सेवन करने से बाल समय से पहले सफेद नहीं होते और बालों को नुकसान से बचाते हैं। रोजाना करी पत्ता खाने से बालों के झड़ने की समस्या और डैंड्रफ से बचाव होता है। ये पत्तियां बालों की जड़ों को मजबूत करते हैं और सिर को मॉइश्चराइज करते हैं। करी पत्ता का इस्तेमाल उसका तेल बनाकर करें। एक पेन में नारियल का तेल डालें और उसमें 20 करी पत्ता को साफ करके तब तक पकाएं जब तक कि पत्तियां काली नहीं पड़ जाएं। अब इस तेल को छानकर किसी बोतल में स्टोर करें। हफ्ते में दो बार इस तेल को बालों पर लगाएं आपकी हेयर ग्रोथ बढ़ेगी और बालों की समस्याएं कंट्रोल रहेंगी।
वेट लॉस करता है
करी पत्ता वजन घटाने में बेहद मददगार साबित होता है। करी पत्ता में कार्बेजोल और अल्कलाइन कंपाउंड मौजूद होता है जो वजन को बढ़ने से रोकता है। इसका सेवन करने से खराब कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और गुड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है। इनका सेवन करने से बॉडी से टॉक्सिन बाहर निकलते हैं और बॉडी शुद्ध रहती है। वजन कम करने के लिए रोजाना 1 गिलास पानी में 10-15 करी पत्ता डालकर उबालें और उसे गुनगुना करके उसमें नींबू मिलाकर उसका सेवन करें आपका वजन तेजी से घटेगा।
आंतों की सूजन होती है कंट्रोल
करी पत्ता का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है और आंतों की सूजन कम होती है। फाइबर से भरपूर ये पत्ते पेट में जमा मल और गंदगी को साफ करते हैं और पाचन को दुरुस्त करते हैं। इन पत्तों का सेवन करने से पाचन क्रिया तेज होती है। करी पत्ते में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण आंतों की सूजन को कम करने में बेहद असरदार होते हैं। यह पेट को ठंडक प्रदान करता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। अगर आपको अक्सर पेट में जलन, भारीपन या सूजन की समस्या रहती है, तो रोज़ाना खाली पेट कुछ ताजे करी पत्तों का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है।
इम्यूनिटी होती है मजबूत
करी पत्ता का सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और बॉडी का बीमारियों से बचाव होता है। ये पत्ते ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाव करते हैं जिससे न्यूरोलॉजिकल सिस्टम, कार्डियोवैस्कुलर सिस्टम और किडनी से जुड़ी बीमारियों से बचाव होता है। रोजाना करी पत्ता का सेवन आपकी सेहत पर जादुई असर करता है।
कोलेस्ट्रॉल का काल है सत्तू, रोजाना गर्मी में एक गिलास ये ड्रिंक पी लें, बॉडी ठंडी रहेगी और मिलेंगे 5 फायदे। पूरी खबर जानने के लिए आप लिंक पर क्लिक करें।