बढ़ती उम्र के साथ इंसानी शरीर कई बीमारियों का शिकार हो जाता है। इसमें बड़ा हाथ होता है हमारी लाइफस्टाइल और खानपान का। अपनी सेहत का हम ठीक तरह से ध्यान नहीं रखते जिस कारण बढ़ती उम्र के साथ – साथ बीमारियां भी हमें घेर लेती हैं। ऐसी ही एक बीमारी है हाई ब्लड प्रेशर। इसमें व्यक्ति का रक्तचाप सामान्य से ज्यादा हो जाता है और उसे सांस लेने में तकलीफ़, नकसीर होना, चक्कर आना, छाती में दर्द, पेशाब में खून आना जैसे दिक्कतें होने लगती है। हमें स्ट्रोक, हर्ट अटैक, अंधेपन जैसी ख़तरनाक समस्याएं हो सकती हैं।
इसी महीने अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के जर्नल में छपे एक शोध के मुताबिक़, जो लोग अपने 30 की उम्र से ही स्वस्थ लाइफस्टाइल अपनाते हैं, उन्हें 40 की उम्र में हाई ब्लड प्रेशर का खतरा बेहद कम हो जाता है। शोध में 7 साधारण टिप्स बताए गए हैं जिससे हार्ट हेल्दी रहता है।
बॉडी मास इंडेक्स का रखें ध्यान: स्वस्थ इंसान का वजन उसके लंबाई के हिसाब से होना चाहिए, इसके लिए बॉडी मास इंडेक्स (BMI) मानक निर्धारित है। अगर आपका वजन आपके लंबाई के हिसाब से ज्यादा है तो आप तुरंत सावधान हो जाइए। इससे बढ़ती उम्र में आपको हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन का खतरा हो सकता है।
डाइट: आप अपने भोजन में फल, सब्जियां, साबूत अनाज, बीन्स, मछली, सूखे मेवे, स्वस्थ वसा को शामिल करें। भोजन का एक समय निर्धारित करें और सभी पोषक तत्व संतुलित मात्रा में लें।
धूम्रपान से रहें दूर: अगर आप बढ़ती उम्र में हाइपरटेंशन से बचना चाहते हैं तो धूम्रपान से खुद को दूर रखें। हर तरह का तम्बाकू आपके हृदय पर असर करता है। अगर आप लगातार इसका सेवन करते रहें तो आपको हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है इसलिए धूम्रपान और तम्बाकू से खुद को अलग रखें।
शारीरिक गतिविधियां: व्यायाम हमारे जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है जो हमें हाइपरटेंशन से बचाए रखता है। व्यायाम हमारे हृदय गति को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है, ऐसा कई अध्ययनों में खुलासा भी हुआ है। बढ़ती उम्र में हाइपरटेंशन से बचने के लिए नियमित व्यायाम करें।
रक्तचाप: हाइपरटेंशन से बचने के लिए अपने रक्तचाप को नियंत्रित बनाए रखें। अधिक समय तक अगर आपका रक्तचाप ज्यादा रहा तो यह आपके रक्त धमनियों को नष्ट कर सकता है, जिससे इंसान की जान भी जा सकती है। इसलिए 30 की उम्र के बाद आप अपने रक्तचाप की जांच करवाते रहें और डॉक्टर की सलाह लेते रहें।
कोलेस्ट्रॉल: कोलेस्ट्रॉल एक प्रकार का वसा होता है जो विशेष किस्म के हार्मोन्स , विटामिन डी और स्वस्थ कोशिकाओं के निर्माण में सहायक होता है। लेकिन अगर यह शरीर में ज़्यादा हो जाए तो हमें हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।
रक्त शर्करा: शोध में स्वस्थ हृदय के लिए सुझाए गए 7 टिप्स में से एक यह भी है। अपने ब्लड शुगर को संतुलित बनाए रखें। इंसुलिन का अनियमित स्राव लंबे समय तक होता रहे तो यह हाइपरटेंशन को जन्म देता है। इसलिए खानपान का खास ख्याल रखें और ब्लड शुगर को बढ़ने अथवा कम न होने दें।