हेल्दी बॉडी के लिए एक्सरसाइज करना बेहद जरूरी है। यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स हर उम्र के लोगों को नियमित एक्सरसाइज करने की सलाह देते हैं। एक्सरसाइज कई तरह से आपकी बॉडी पर प्रभाव डालती है। वैसे तो ये ज्यादातर प्रभाव फायदेमंद ही होते हैं, हालांकि कभी-कभी हाई इंटेंसिटी वर्कआउट करने से मांसपेशियों में दर्द की परेशानी बढ़ जाती है। इसमें भी अगर आप लंबे अंतराल के बाद वर्कआउट करते हैं, तो दर्द अधिक होता है।

इसके अलावा रोज एक्सरसाइज करने से खासकर महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं, साथ ही इसका असर मासिक धर्म चक्र यानी पीरियड साइकिल पर भी पड़ सकता है।

एक्सरसाइज करने से पीरियड्स साइकिल पर कैसा होता है असर?

कई शोध के नतीजे बताते हैं कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं के लिए एक्सरसाइज करना ज्यादा फायदेमंद होता है। हालांकि, इन फायदों से अलग कुछ रिपोर्ट्स ये भी बताती हैं कि महिलाओं के बहुत अधिक एक्सरसाइज करने से पीरियड्स मिस भी हो सकते हैं।

क्यों होता है ऐसा?

जर्नल ऑफ एंडोक्रिनोलॉजिकल इन्वेस्टिगेशन में प्रकाशित साल 2014 के एक अध्ययन की रिपोर्ट के अनुसार, नियमित रूप से व्यायाम करने वाली ज्यादातर महिलाएं मिस्ड पीरियड से परेशान रहती हैं। इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। जैसे-

एनर्जी की कमी

रिपोर्ट के मुताबिक, तीव्र या अत्यधिक व्यायाम करने से अधिक कैलोरी बर्न होती हैं, जिससे एक समय बाद शरीर में एनर्जी की कमी होने लगती है। ऐसे में एनर्जी लेवल सही बनाए रखने के लिए रिप्रोडक्टिव हार्मोन के उत्पादन में कमी आ सकती है, जिससे पीरियड साइकिल बाधित होने लगती है। इस स्थिति में या तो ब्लड फ्लो पहले के मुकाबले कम हो जाता है या फिर पीरियड्स मिस हो जाते हैं।

हार्मोनल असंतुलन

महिलाओं की बॉडी में हाइपोथैलेमिक-पिट्यूटरी-डिम्बग्रंथि (एचपीओ) एक्सिस पीरियड साइकिल को कंट्रोल करता है। हालांकि, ज्यादा वर्कआउट इस हार्मोनल एक्सिस को बाधित कर सकता है, जिससे एस्ट्रोजेन और प्रोजेस्टेरोन का स्तर भी कम हो सकता है, इस स्थिति में भी पीरियड्स मिस हो सकते हैं।

लेप्टिन लेवल

लेप्टिन एनर्जी बैलेंस और भूख से संबंधित एक हार्मोन है। गहन व्यायाम लेप्टिन के स्तर को कम कर सकता है, जो भी फिर मासिक धर्म समारोह को प्रभावित कर सकता है। कम लेप्टिन का स्तर बॉडी को कम एनर्जी लेवल का संकेत देता है, जिससे प्रजनन हार्मोन प्रभावित होने लगता है। इससे पीरियड्स मिस हो जाते हैं।

फिर क्या है सही तरीका?

ज्यादा एक्सरसाइज करने से पीरियड्स मिस हो सकते हैं, हालांकि एक्सरसाइज छोड़ना सही विकल्प नहीं है। इससे अलग हेल्थ एक्सपर्ट्स महिलाओं को पीरियड्स से पहले डाइट पर अधिक ध्यान देने और उस दौरान हल्के व्यायाम करने की सलाह देते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।