फलों का सेवन और जूस शरीर के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। अनानास भी एक ऐसा फल है, जो एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। अनानास का जूस न सिर्फ एक ट्रॉपिकल फ्रूटी ड्रिंक है, बल्कि पोषण से भरपूर सुपरफूड भी है। इसमें विटामिन C और B-कॉम्प्लेक्स, मैंगनीज, पोटैशियम जैसे मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं।
अनानास में खासतौर पर ब्रोमेलेन नामक एंजाइम होता है, जो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। नियमित रूप से इसका सेवन इम्यूनिटी बढ़ाने, पाचन सुधारने, सूजन कम करने, हार्ट हेल्थ और त्वचा की चमक को बनाए रखने में मदद करता है। हालांकि, इसमें प्राकृतिक शुगर होती है, इसलिए इसका सेवन संतुलित मात्रा में करना जरूरी है। रोजाना एक गिलास यानी 150–200 मिली तक अनानास का जूस पीना लाभकारी होता है। क्लिनिकल डायटिशियन और सेलिब्रिटी कोच सिमरत कथूरिया ने अनानास जूस के फायदे बताए हैं।
एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर
अनानास के जूस में पॉलीफेनॉल्स जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन से बचाते हैं। ये फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाकर हार्ट डिजीज और अन्य क्रॉनिक बीमारियों का खतरा कम करते हैं।
हाईड्रेटिंग और इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर
अनानास लगभग 85% पानी से बना होता है। इसका जूस शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है। इसमें पोटैशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो फ्लूइड बैलेंस बनाए रखते हैं। गर्मी के मौसम या वर्कआउट के बाद इसे पीना बेहतरीन विकल्प है।
इम्यूनिटी को नेचुरल बूस्ट
अनानास का जूस विटामिन C, बी-विटामिन, कॉपर, मैंगनीज और ब्रोमेलेन के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी बढ़ाता है। ब्रोमेलेन सूजन कम करने और संक्रमण से बचाने में मदद करता है।
सूजन को कम करने में सहायक
सामान्य मेटाबॉलिज्म से होने वाला ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस शरीर में सूजन पैदा करता है। अनानास के जूस में मौजूद ब्रोमेलेन आर्थराइटिस, चोट या सर्जरी के बाद होने वाली सूजन और दर्द को कम करने में मदद कर सकता है।
हार्ट की सेहत के लिए फायदेमंद
अनानास के जूस में मौजूद बी-विटामिन्स और ब्रोमेलेन खून के थक्के बनने के खतरे को कम कर सकते हैं। यह ब्लड फ्लो सुधारता है और हार्ट डिजीज का रिस्क घटाता है।
पाचन में सुधार
ब्रोमेलेन एक ऐसा एंजाइम है, जो प्रोटीन को तोड़ने और पचाने में मदद करता है। इससे गैस, ब्लोटिंग और अपच जैसी दिक्कतें कम हो सकती हैं। नियमित सेवन पाचन क्रिया को मजबूत बनाता है।
हड्डियों को बनाए मजबूत
मैंगनीज हड्डियों की मजबूती और डेन्सिटी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित रूप से अनानास का जूस पीने से ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा कम हो सकता है।
वहीं, फिटनेस ट्रेनर नवनीत रामप्रसाद के अनुसार, सिर्फ लंबी वॉक करना 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को मजबूत बनाने के बजाय और भी कमजोर कर सकता है।