बदलते मौसम के साथ कई स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने का खतरा बढ़ जाता है। मानसून का मौसम अपने साथ ताजगी और ठंडक तो लाता है, लेकिन वातावरण में बढ़ी नमी, गंदगी और बैक्टीरिया की सक्रियता इस मौसम को संक्रमणों का गढ़ बना देती है। ऐसे में खानपान से लेकर लाइफस्टाइल का खास ध्यान रखना चाहिए। डाइट एन क्योर की डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी ने बताया कि मानसून के मौसम में कुछ खाद्य पदार्थों से परहेज करना महत्वपूर्ण है, ताकि बीमारियों से बचा जा सके। खासतौर पर पेट से जुड़ी बीमारियां, फूड पॉइजनिंग, स्किन इंफेक्शन और वायरल बुखार मानसून में आम हो जाते हैं। ऐसे में स्ट्रीट फूड, तले हुए फूड्स, सी-फूड, पत्तेदार सब्जियां और मशरूम का सेवन कम करना चाहिए और कुछ चीजों का जरूर सेवन करना चाहिए।

न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी के मुताबिक, प्रकृति ने हर मौसम के हिसाब से फल और सब्जियां बनाई हैं, जिससे शरीर को फायदा मिले और बीमारियों से बचाव हो, लेकिन आजकल की भागदौड़ जिंदगी में खानपान से लेकर लाइफस्टाइल पूरी तरह से बदल चुका है, जिसका सीधा असर सेहत पर पड़ता है और कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

सेंटर ऑफ डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, मानसून के मौसम में उमस और पानी जनित बीमारियां होने का रिस्क अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में शरीर को मजबूत बनाने के लिए कुछ सुपरफूड का सेवन करना चाहिए। इन्हें रोजाना की डाइट में शामिल करना लाभकारी हो सकता है।

अदरक और तुलसी

मानसून में दिनों में अदरक और तुलसी का सेवन करना बहुत ही लाभकारी हो सकता है। अदरक और तुलसी दोनों ही प्राकृतिक एंटीबायोटिक और एंटीवायरल गुणों से भरपूर हैं। इनसे बनी हर्बल चाय पीने से शरीर गर्म रहता है, गले की खराश से राहत मिलती है और सर्दी-जुकाम से बचाव होता है। इसके अलावा ये पाचन को भी दुरुस्त करती है।

मौसमी फल

मौसम के अनुसार फलों का सेवन करना बहुत ही लाभकारी हो सकता है। बारिश के दिनों में इन फलों के सेवन से शरीर को विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में मिलेंगे। ये फल इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं। जैसे- अनार खाने से खून की सफाई होगी, पपीता खाने से पाचन तंत्र में सुधार होगा और सेब खाने से शरीर को एनर्जी मिलेगी।

लहसुन

मानसून में लहसुन का सेवन करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। लहसुन में एलिसिन नामक तत्व होता है, जो एंटीफंगल और एंटीबैक्टीरियल होता है। मानसून में लहसुन का सेवन सूप या सब्जी में करके करने से संक्रमण से बचाव होता है। यह ब्लड सर्कुलेनश को भी बेहतर करता है और सर्दी-जुकाम से बचाता है।

आंतों की सूजन होने पर तेजी से बनती है पेट में गैस, इन 5 फूड को तुरंत डाइट का बना लें हिस्सा, बिना दवा सुधर जाएगी गट हेल्थ। पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।