क्या आप भी अक्सर अपच या कब्ज जैसी पेट से जुड़ी समस्याओं से परेशान रहते हैं? अगर हां, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। दरअसल, आज के समय में अधिकतर लोगों की लाइफस्टाइल और खाने-पीने की आदतें बिगड़ गई हैं। लोग बाहर का तला-भुना और मसालेदार खाना ज्यादा खाने लगे हैं जिनमें पोषक तत्वों की मात्रा न के बराबर होती है। ऐसे में सही डाइट न लेने, पर्याप्त पानी न पीने और फिजिकल एक्टिविटी की कमी के चलते पेट से जुड़ी समस्याएं आम हो जाती हैं।
हालांकि, एक राहत की बात यह है कि जिस तरह खराब खानपान के चलते अपच या कॉन्स्पिटेशन यानी कब्ज की परेशानी व्यक्ति को घेर लेती है, ठीक उसी तरह कुछ हेल्दी चीजों का सेवन इन समस्याओं से राहत दिलाने में मददगार भी हो सकता है। इसी कड़ी में यहां हम आपको 3 ऐसी खास ड्रिंक्स के बारे में बता रहे हैं, जिनके नियमित सेवन से पेट की इन गड़बड़ को ठीक करने में मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं इनके बारे में-
नारियल पानी
लिस्ट में पहला नंबर आता है नारियल पानी का। बता दें कि नारियल पानी एक आदर्श हाइड्रेटर है, जो आपके पाचन को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है। ऐसे में आप नारियल पानी से दिन की शुरुआत कर सकते हैं। खासकर सुबह के समय नारियल पानी पीकर कुछ देर एक्सरसाइज करने से पेट साफ करने में आसानी होती है, जिससे अपच और कब्ज की परेशानी से निजात मिल सकती है।
वहीं, इसे लेकर इंडियन एक्सप्रेस संग हुई एक खास बातचीत के दौरान उजाला सिग्नस ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की आहार विशेषज्ञ एकता सिंहवाल ने बताया, नारियल पानी एक प्राकृतिक आइसोटोनिक पेय है, जो पोटैशियम, सोडियम और मैग्नीशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है। ऐसे में इसे पीने से हाइड्रेशन बना रहता है, जो आपके पाचन के साथ-साथ ओवरऑल हेल्थ के लिए फायदेमंद हो जाता है।
आंवला-जिंजर शॉट
1 चम्मच अदरक के रस के साथ ताजा आंवले के रस मिलाकर पीने से अपच और कब्ज की परेशानी से राहत मिल सकती है। दरअसल, एक ओर जहां आंवले में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मददगार है। फाइबर का सेवन मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने में मदद करता है, साथ ही ये स्वस्थ आंत माइक्रोबायोम को बढ़ावा देने में भी मदद करता है, जिससे मल त्यागने में आसानी होती और कब्ज की समस्या से राहत मिलती है।
दूसरी ओर पेट से जुड़ी परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए अदरक सबसे असरदार घरेलू उपचारों में से एक माना जाता है। अदरक एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, साथ ही इसमें लैक्सेटिव गुण होता है, जो मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद करता है। इन सब के अलावा अदरक में मौजूद जिंजरोल भी पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने और पेट संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद करता है।
सफेद पेठे का जूस
इन सब से अलग खाली पेट सफेद पेठे का जूस का सेवन भी कब्ज और अपच से जुड़ी परेशानियों से राहत पाने में मददगार हो सकता है। डॉ. सिंघवाल ने बताती हैं, सफेद पेठे के जूस में उच्च फाइबर सामग्री मौजूद होती है, जो मेटाबॉलिज्म को बूस्ट कर पाचन में सहायता करता है, साथ ही फाइबर मल को सॉफ्ट बनाने में मदद करता है, जिससे इसे त्यागना अधिक आसान हो जाता है और इससे भी आपको कब्ज से राहत मिल जाती है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।