आजकल की भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल और खराब खानपान के चलते पेट से जुड़ी समस्याएं बहुत आम हो गई हैं। खराब खानपान, समय पर खाना न खाना, एक्सरसाइज न करना और अधिक तनाव का सीधा असर पाचन तंत्र पर पड़ता है। जिससे गैस, अपच, भारीपन, कब्ज और पेट से जुड़ी अन्य समस्याएं हो जाती हैं। पाचन की समस्या से निजात पाने के लिए कुछ साधारण और प्राकृतिक फलों का सेवन बहुत लाभकारी हो सकता है, जो पेट की इस समस्या को आसानी से हल कर सकते हैं। Detoxpri की फाउंडर एंड होलिस्टिक न्यूट्रिशनिस्ट प्रियांशी भटनागर ने पाचन को मजबूत बनाने वाले फल बताए हैं, जिनके सेवन से न सिर्फ पाचन तंत्र अच्छा होगा, बल्कि सेहत को भी कई फायदे मिलेंगे।
पपीता
पपीता पाचन के लिए एक प्राकृतिक औषधि है। इसमें पपेन नामक एंजाइम होता है, जो भोजन को उसके मोलेकुलर घटकों में तोड़ने में मदद करता है और पाचन को आसान बनाने में मदद करता है। जब पेट में परेशानी, पेट में भारीपन महसूस हो या भूख लगने पर भी कुछ खाने का मन न करे, तो पपीते का सेवन करने से तुरंत आराम मिलता है। नियमित रूप से इस फल का सेवन करते हैं, तो यह कब्ज की समस्या को दूर करता है और आंतों के रिसाव को रोकता है। पपीते का सेवन खाली पेट करते हैं, तो पाचन प्रक्रिया अच्छी तरह से शुरू हो जाती है।
खट्टे फल
खट्टे फल हल्के अम्लीय फल होते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट करते हैं और एसिडिटी को कम करते हैं। सुबह उठकर खाली पेट खट्टे फलों का जूस या गूदा पीते हैं, तो यह आंतों को सक्रिय करता है और पाचन को बढ़ाता है। इसमें मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट शरीर से विषाक्त पदार्थों यानी टॉक्सिन को बाहर निकालने में मदद करते हैं। गर्मियों में यह फल एक प्राकृतिक डिटॉक्स ड्रिंक के रूप में काम करता है।
सेब
सेब में पेक्टिन नामक एक विशेष प्रकार का फाइबर होता है, जो धीरे-धीरे पचता है और आंतों को सुचारू रूप से चलाता है। इस फल का नियमित सेवन पेट को साफ रखता है, गैस और अपच से बचाता है और शरीर को एनर्जी देता है। इसे सुबह या नाश्ते में शामिल करने से पूरे दिन हल्का महसूस कर सकते हैं।
अनानास
अनानास खाने के तुरंत बाद हल्का महसूस होता है। इसका मुख्य कारण ब्रोमेलैन नामक एंजाइम है। यह एंजाइम प्रोटीन को मोलेकुलर भागों में तोड़ता है और पाचन को आसान बनाता है। अनानास खाने से खासकर भारी भोजन के बाद पेट भारी महसूस नहीं होता है। क्योंकि, इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, इसलिए यह शरीर को हाइड्रेट रखता है और मल त्याग सुचारू रूप से होता है। गर्मियों में यह फल थकान दूर करता है और शरीर को प्राकृतिक ठंडक प्रदान करता है।
अमरूद
अमरूद एक ऐसा फल है, जिसे बहुत से लोग अनदेखा कर देते हैं, लेकिन इसके स्वास्थ्य लाभ बहुत ज्यादा हैं। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है और ज्यादा खाने से रोकता है। अमरूद खाने से पाचन क्रिया बेहतर होती है, जो अक्सर कब्ज से पीड़ित लोगों के लिए खासतौर पर फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन सी पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं।
आंतों की सूजन होने पर तेजी से बनती है पेट में गैस, इन 5 फूड को तुरंत डाइट का बना लें हिस्सा, बिना दवा सुधर जाएगी गट हेल्थ। पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।