आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत का ख्याल रखना बहुत मुश्किल हो गया है। खराब खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के चलते कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से शरीर को अपना शिकार बना रही हैं। अगर, आप भी हेल्दी और फिट रहना चाहते हैं, तो खानपान में पोषक तत्वों से भरपूर और सेहत को लाभ पहुंचाने वाली चीजें शामिल करें। न्यूट्रिशनिस्ट और पर्सनल ट्रेनर दिग्विजय सिंह ने मोरिंगा पाउडर के फायदे बताए हैं।

न्यूट्रिशनिस्ट दिग्विजय सिंह के मुताबिक, आजकल लोग हेल्थ के प्रति ज्यादा जागरूक हो रहे हैं और इसी वजह से नेचुरल सुपरफूड्स की डिमांड भी तेजी से बढ़ रही है। मोरिंगा पाउडर को सहजन की पत्तियों को सुखाकर तैयार किया जाता है। आयुर्वेद में इसे चमत्कारी औषधि माना गया है, क्योंकि इसमें कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन, विटामिन A, C और एंटीऑक्सीडेंट्स की भरपूर मात्रा होती है।

मोरिंगा पाउडर कैसे बनाएं

मोरिंगा के पाउडर को सहजन की पत्तियों से बनाया जाता है। मोरिंगा के पेड़ की टहनी काट कर इस टहनी को कपड़े पर लटका कर सूखने के लिए लटका दें। इसके बाद मोरिंगा की पत्तियों को अच्छे से साफ करें और फिर इन्हें सूखा लें। इसे मिक्सर में पीसकर छान लें। अब इस पाउडर को पानी में मिलाकर पी सकते हैं। मोरिंगा के पाउडर का सेवन नियमित तौर पर करने से कई स्वास्थ्य लाभ होते हैं।

इम्यूनिटी स्ट्रांग

मोरिंगा पाउडर में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं। यह मौसमी संक्रमण जैसे सर्दी-जुकाम और फ्लू से बचाने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों के बचाव करने में मदद करती है।

ब्लड शुगर कंट्रोल

शुगर कंट्रोल करने के लिए मोरिंगा फायदेमंद हो सकता है। डायबिटीज के मरीजों को मोरिंगा पाउडर का सेवन करना चाहिए। इसमें मौजूद तत्व ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं और अचानक बढ़ने-घटने से रोकते हैं।

हड्डियों और जोड़ों के लिए असरदार

मोरिंगा पाउडर में कैल्शियम और फास्फोरस की भरपूर मात्रा होती है, जो हड्डियों को मजबूत बनाती है। साथ ही इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण जोड़ों के दर्द और सूजन से राहत दिलाते हैं। हड्डियों और जोड़ों को मजबूत बनाने के लिए मोरिंगा पाउडर का सेवन करना लाभकारी हो सकता है।

पाचन तंत्र हेल्दी

मोरिंगा पाउडर पाचन के लिए अच्छा माना जाता है। इसमें फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो पाचन को बेहतर करने में असरदार है। मोरिंगा पाउडर के सेवन से कब्ज, एसिडिटी और गैस की समस्या से राहत मिल सकती है।

वजन घटाने में लाभदायक

वजन कम करने के लिए मेटाबॉलिज्म अच्छा होना चाहिए और यह पाउडर मेटाबॉलिज्म को तेज करता है। इस पाउडर को खाने से भूख कंट्रोल में रहती है और ज्यादा खाने से बचाव होता है। इससे शरीर की एक्स्ट्रा चर्बी धीरे-धीरे कम होने लगती है।

जो भी आप खाते हैं वो पेट में भरा रहता है तो इन 2 चीजों से बढ़ाएं हाज़मा, ब्लोटिंग और गैस से मिलेगा छुटकारा, एक्सपर्ट से जानिए कैसे। पूरी जानकारी के लिए आप लिंक पर क्लिक करें।