Benefits Of Jaggery And Ghee: सर्दियों के मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखाना बहुत आवश्यक हो जाता है, क्योंकि इस मौसम में शरीर आलसी और खानपान में भी बदलाव हो जाता है। सर्दी में फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती है और इम्यूनिटी कमजोर होने की भी अधिक संभावना रहती है। ऐसे में खांसी-जुकाम से लेकर अन्य कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। सर्दियों में अपने आप को बीमारियों से बचाने और फिट रखने के लिए आयुर्वेद एक्सपर्ट आचार्य बालकृष्ण ने कुछ उपाए बताए हैं, जिसे फॉलो करके आप सर्दियों में भी एक्टिव और फिट रहेंगे। आचार्य बालकृष्ण के मुताबिक, गुड़ और घी का सेवन करने से कई स्वास्थ्य लाभ होते हैं।
कैसे करें गुड़ और घी का सेवन
- एक चम्मच देसी घी में एक टुकड़ा गुड़ मिलाकर खाएं।
- लंच करने के 5-10 मिनट बाद इसका सेवन करें।
आचार्य बालकृष्ण के मुताबिक, सर्दियों में गुड़ और घी का सेवन करने से बेहतरीन स्वास्थ्य लाभ मिलता है। यह शरीर को अंदर से गर्म रखता है। घी विटामिन-के, विटामिन-ए, विटामिन-डी, कैल्शियम, पोटेशियम, फास्फोरस जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है। वहीं, गुड़ में आयरन, फाइबर, फोलेट, कैल्शियम, पोटेशियम, फॉस्फोरस और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं।
आंत और पाचन के लिए अच्छा
गुड़ और घी एक साथ खाने से खाना आसानी से पच जाता है। इससे पेट फूलने की समस्या भी कम हो जाती है। घी आपकी आंतों के लिए भी फायदेमंद है। कब्ज से परेशान लोगों के लिए घी और गुड़ का एक साथ सेवन करने से इस समस्या से राहत मिल सकती है, क्योंकि इसमें फाइबर होता है। गुड़ और घी का मिश्रण आपको सर्दियों के ठंडे मौसम में गर्म रखने में मदद करेगा। घी और गुड़ का नियमित सेवन शरीर में वात, पित्त और कफ जैसे दोषों को संतुलित करने में मदद करता है। इसके साथ ही शरीर तेजी से कैलोरी बर्न करता है।
हड्डियों के लिए अच्छा
गुड़ में कैल्शियम होता है और घी में विटामिन के2 होता है, जो हड्डियों में कैल्शियम को अवशोषित करने में मदद करता है। घी और गुड़ के सेवन से हड्डियों को मजबूती मिलती है।
इम्यून सिस्टम मजबूत
घी और गुड़ खाने से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। इसमें आयरन, मैग्नीशियम और कई फैटी एसिड भी होते हैं। ये आपके इम्यून सिस्टम के लिए अच्छे हैं। इससे सर्दियों में खांसी-जुकाम से बचाव होता है। गुड़ के साथ घी मिलाने से पाचन एंजाइमों का स्राव बढ़ जाता है। यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है। घी में मौजूद फैट ब्लड शुगर लेवल को अचानक बढ़ने से कंट्रोल करता है।
इसके अलावा सर्दियों में हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए चौलाई का साग भी बहुत फायदेमंद होता है। इसके सेवन से शुगर को कंट्रोल किया जा सकता है और हड्डियों को मजबूत किया जा सकता है।