Gond Katira Benefits: हर कोई हेल्दी और फिट रहना चाहता है, लेकिन भागदौड़ के चलते हेल्थ का सही तरह से ध्यान नहीं रख पाते और कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी दो चार होना पड़ता है। ऐसे स्थिति में शरीर जल्दी ढलने लगता है। आमतौर पर 40 की उम्र के बाद ही शरीर में बदलाव आने लगते हैं। अगर, आप भी लंबे समय तक जवान दिखाना चाहते हैं तो आपके लिए गोंद कतीरा बहुत ही लाभकारी हो सकती है। गोंद कतीरा (Tragacanth Gum) एक प्राकृतिक गोंद है, जो पेड़ों से निकाला जाता है। इसमें कई औषधीय गुण होते हैं, जो इसे सेहत के लिए लाभकारी बनाते हैं। जानिए गोंद कतीरा के फायदे (Gond Katira Ke Fayde) और उपयोग।

यशोदा हॉस्पिटल्स हैदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट और डायबिटीज स्पेशलिस्ट डॉ. के. सोमनाथ गुप्ता ने बताया कि गोंद कतीरे का सेवन उसका ड्रिंक बनाकर किया जाए तो बॉडी को भरपूर ताकत मिलती है। इसके साथ शरीर को जवान बनाए रखने के लिए भी गोंद कतीरा बेहद असरदार होता है। हालांकि, अपने शरीर को हमेशा जवां रखने के लिए अपनी डाइट में प्रोटीन, हेल्दी सैचुरेटेड फैट, ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर, फोलेट, कैल्शियम, और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व बहुत ही फायदेमंद हो सकते हैं।

इन बीमारियों के लिए फायदेमंद है गोंद कतीरा

  • डायबिटीज- यह ब्लड शुगर को नियंत्रित करता है और डायबिटीज रोगियों के लिए लाभकारी है।
  • पेट की समस्याएं- यह कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं में यह राहत प्रदान करता है।
  • सूजन- गोंद कतीरा शरीर के अंदरूनी सूजन को कम करने में सहायक है।
  • गठिया और जोड़ों का दर्द- हड्डियों और जोड़ों की समस्याओं में इसका सेवन फायदेमंद है।

कैसे करें गोंद कतीरा का सेवन

इसे पानी में भिगोकर फुला लें और ठंडे दूध, शर्बत या शेक में मिलाकर सेवन करें। ऐसे ही सर्दियों में इसे घी में भूनकर और लड्डू या हलवे के रूप में खाएं। इसके अलावा गोंद कतीरा का उपयोग फेस पैक में मिलाकर या मॉइस्चराइजर के रूप में किया जा सकता है।

गोंद कतीरा के फायदे

  • एनर्जी बढ़ाने में सहायक
  • हड्डियों को मजबूत बनाना
  • त्वचा के लिए अच्छा
  • पाचन रहता है दुरुस्त

एनर्जी बढ़ाने में सहायक

गोंद कतीरा शरीर के तापमान को कंट्रोल करता है। यह शारीरिक कमजोरी को दूर करता है और तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है। इसे शेक या दूध में मिलाकर पीने से ताकत बढ़ती है।

पाचन के लिए अच्छा

गोंद कतीरा का सेवन करने से पाचन में सुधार किया जा सकता है। पाचन की समस्या से परेशान लोगों के लिए गोंद कतीरा बहुत असरदार हो सकता है। इसे नींबू पानी के साथ मिक्स करके लिया जाए तो पेट की गैस, एसिडिटी और अपच से राहत मिलती है। इसका सेवन करने से आंत की गंदगी दूर होती है। हालांकि, इसका सीमित सेवन करना ही अच्छा होता है।

हड्डियों को मजबूत बनाना

गोंद कतीरा में सूजन-रोधी गुण होते हैं, जो जोड़ों के दर्द और गठिया के दर्द से निजात दिलाते हैं। इसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम भी होता है, जो हड्डियों को मजबूत और हेल्दी बनाने में मदद करता है। गोंद कतीरा को पानी में मिलाने पर ये जेली जैसा बन जाता है। इसमें प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है, जिससे हड्डियों को मजबूती मिलती है।

त्वचा के लिए अच्छा

गोंद कतीरा का सेवन करने से त्वचा में निखार आता है। यह त्वचा को नमी युक्त बनाए रखता है और झुर्रियों को कम करता है। इसका उपयोग फेस पैक के रूप में भी किया जा सकता है।

इसके अलावा दिल की सेहत के लिए 4 विटामिन का सेवन करना बेहद जरूरी है। हमारी बॉडी को जैसे कार्बोहाइड्रेट, फैट और प्रोटीन की जरूरत होती है वैसे ही विटामिन की भी जरूरत होती है। ये चार विटामिन ऐसे हैं जो दिल को फायदा पहुंचाते हैं।