हम भारतीय लोगों की आदत है कि हम दिन का खाना सिर्फ पेट भरने के लिए जो मिलता है वो खा लेते हैं लेकिन रात का खाना मन भर कर मन से खाते हैं। हम लोग रात के खाने को दिन का सबसे महत्वपूर्ण भोजन मानते हैं। रात में हल्का भोजन और नाश्ते में भारी भोजन करना सही नियम है, लेकिन हम लोग रात में भारी खाना और दिन में कुछ भी पेट भरने के लिए खा लेते हैं। डाइट की ये गड़बड़ हमारी सेहत को बिगाड़ देती है। रात का खाना हल्का और सुपाच्चय नहीं हो तो पाचन संबंधी परेशानियां बढ़ जाती है और रात की नींद तक उड़ जाती है।
आयुर्वेदिक और युनानी दवाओं के एक्सपर्ट डॉक्टर सलीम जैदी ने बताया कि रात में हल्का खाना खाएं और बिस्तर पर जाने से 2 घंटे पहले खाना खाएं। हम सभी जानते हैं कि रात में ज्यादा खाना नहीं चाहिए। पेन्सिल्वेनिया यूनिवर्सिटी की रिसर्च के मुताबिक रात के समय भारी खाने का सेवन करने से मेटाबॉलिज्म पर भी असर पड़ता है। रात में भारी खाने का सेवन करने से वजन तेजी से बढ़ता है। रात का खाना ऐसा होना चाहिए जिससे पाचन दुरुस्त रहे। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि रात में कौन-कौन से फूड्स का सेवन नहीं करना चाहिए।
डिनर में नहीं खाएं हरी पत्तेदार सब्जियां
रात के खाने में हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन भूलकर भी नहीं करें। हरी पत्तेदार सब्जियां सेहत के लिए फायदेमंद होती है लेकिन रात में इनका सेवन सेहत पर भारी पड़ता है। हरी पत्तेदार सब्जियों में क्लोरोफिल होता है जिससे मेटाबॉलिज्म डिस्टर्ब होता है। इनका सेवन करने से बॉडी में एसिडिटी बढ़ती है और गैस की परेशानी होती है। पाचन से जुड़ी ये परेशानी आपकी रात की नींद उड़ा सकती है।
रात में सलाद का सेवन नहीं करें
डिनर में सलाद का सेवन आपके हाजमे को बिगाड़ सकता है। रात में फाइबर से भरपूर सब्जियों का सेवन करने से पेट फूलने की समस्या हो सकती है और आप गैस से परेशान हो सकते हैं। रात के खाने में पाचन को दुरुस्त करना है तो सलाद का सेवन भूलकर भी नहीं करें।
रात के खाने में दही से परहेज करें
पोषक तत्वों से भरपूर दही का सेवन रात में आपकी सेहत को खराब कर सकता है। रात में दही का सेवन करने से कफ दोष बढ़ता है। दही का सेवन रात में करने से आपको बलगम,खांसी हो सकती है। रात में दही खाने से वजन बढ़ सकता है और बीपी हाई होने की भी परेशानी हो सकती है।
स्प्राउट्स का सेवन करने से रात में बचें
सेहत के लिए उपयोगी पोषक तत्वों से भरपूर स्प्राउट्स का सेवन डिनर में भूलकर भी नहीं करें। रात में स्प्राउट का सेवन वात दोष को बढ़ा सकता है और आपकी नींद को खराब कर सकता है। रात में स्प्राउट्स खाने से गैस और एसिडिटी की परेशानी हो सकती है।
फ्राईफ्रूड्स से परहेज करें
रात के खाने में कोफ्ते, पकौड़े, तली हुई मछली, चिकन या आलू जैसे डीप फ्राई फूड्स का सेवन करने से परहेज करें। इन फूड्स में ऑयल ज्यादा होता है जिसकी वजह से इन्हें पचाना बहुत मुश्किल होता है। रात के खाने में हल्के फूड्स का सेवन करें तो आपका पाचन दुरुस्त रहता है।