आंत को हमारी बॉडी का दूसरा मस्तिष्क कहा जाता है। ये अंग शरीर के बाकी अंगों की तरह दिमाग के इशारों पर नहीं चलता। इसका संचालन नर्वस सिस्टम द्वारा होता है,जो पाचन क्रिया के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार होता है। आंतों की अच्छी सेहत हमारे पूरे पाचन तंत्र के लिए जरूरी है। अल्सरेटिव कोलाइटिस बड़ी आंत की एक क्रोनिक बीमारी है जिसमें आंत में सूजन,जलन और घाव जैसी परेशानी हो सकती है।

इस परेशानी में आंत में छाले हो सकते हैं। इन छालों में सूजन के कारण पेट में दर्द,मल के साथ खून आने जैसे लक्षण दिखते हैं। ब्लड के साथ दस्त,पेट दर्द,ऐंठन,गुदा दर्द,बार-बार शौच लगना,मल त्याग में परेशानी,अचानक वजन घटना, थकान और बुखार जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। समय पर बीमारी का पता लगा लिया जाए तो आसानी से इसके लक्षणों को टाला जा सकता है।

आंत की बीमारी में खुद की इम्युनिटी ही आपकी आंत की दुश्मन बन जाती है और बड़ी आंत पर हमला करना शुरु कर देती है। सीताराम भारतीय इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड रिसर्च की गैस्ट्रोलॉजी की डॉ. निवेदिता पांडे के मुताबिक आंत की बीमारी में कुछ फूड्स का सेवन जहां फायदा पहुंचाता है वहीं कुछ खास तरह के फूड्स का सेवन करने से आंतों पर जहरीला असर पड़ता है। आंतों से जुड़ी बीमारी में लोग इन 4 फूड्स का सेवन करने से परहेज करें तो बीमारी के लक्षणों को कंट्रोल कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि ऐसे कौन से 4 फूड्स है जो आंतों की सूजन और परेशानी को बढ़ा सकते हैं।

बीन्स से करें परहेज

फाइबर से भरपूर बीन्स का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद होता है लेकिन जिन लोगों को आंतों से जुड़ी बीमारी है उन्हें इसका सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए। इसका सेवन करने से कोलाइटिस के लक्षण बढ़ सकते हैं। ये दस्त या मल को और तेजी से डिस्चार्ज करेगा,पेट में दर्द को बढ़ा सकता है।

ये हेल्दी सब्जियां हैं लेकिन आंतों की बीमारी में है ज़हर

फाइबर से भरपूर कुछ सब्जियां जैसे ब्रोकोली,ब्रसेल्स स्प्राउट्स, गोभी और अजवाइन का सेवन आंतों से जुड़ी बीमारी में बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। ये फूड्स आंतों की समस्या को बढ़ा सकते हैं। अल्सरेटिव कोलाइटिस की परेशानी में ये फूड्स गैस,सूजन और पेट दर्द को बढ़ा सकते हैं।

सीड्स से करें परहेज

सीड्स किसी भी तरह के हो सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं लेकिन जिन लोगों को आंतों की परेशानी है वो सीड्स का सेवन करने से परहेज करें। इन सीड्स का सेवन करने से गैस,अपच और आंतों की सूजन बढ़ सकती है। इनको पचने में समय लगता है इसलिए कोलाइटिस की परेशानी में इन सीड्स का सेवन करने से परहेज करें

मीठे फूड्स से करें परहेज

आंतों से जुड़ी परेशानी होने पर आप चॉकलेट, कैफीन और मीठे फूड्स का सेवन करने से परहेज करें। मीठे फूड्स का सेवन करने से पेट में दर्द,ऐंठन, बार-बार मल त्यागने की इच्छा होने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।