कहते हैं रोजाना एक सेब खाकर बीमारियों से दूर रहा जा सकता है। सेब का सेवन करने से सेहत को कई तरह के फायदे होते हैं। डायबिटीज के मरीजों के लिए सेब का सेवन फायदा पहुंचाता है। डायबिटीज के मरीज़ों को ब्लड में शुगर का स्तर कंट्रोल करने के लिए सिर्फ दवाईयों का सेवन करना ही जरूरी नहीं है बल्कि हेल्दी लाइफस्टाइल और हेल्दी डाइट लेना भी जरूरी है। डाइट में ऐसी चीजें जो शुगर को कंट्रोल कर सकें।

सेब का सेवन खाली पेट करने से इम्युनिटी स्ट्रॉन्ग रहती है साथ ही कोलोस्ट्रॉल भी कंट्रोल रहता है। फाइबर से भरपूर सेब का सेवन करने से पेट जल्दी भर जाता है और भूख भी कंट्रोल रहती है। लौ कैलोरी सेब का सेवन करने से वजन भी कंट्रोल रहता है। सेब ब्लड प्रेशर और शुगर के मरीजों के लिए भी फायदेमंद है।

सेब कैसे करता है शुगर कंट्रोल: सेब में कार्बोहाइड्रेट और फाइबर होते हैं, यदि आपको डायबिटीज है तो अपने कार्बोहाइड्रेट के सेवन पर नजर रखना जरूरी है। क्योंकि तीन मैक्रोन्यूट्रिएंट्स कार्ब्स, फैट और प्रोटीन में कार्बोहाइड्रेट आपके ब्लड शुगर लेवल को सबसे ज्यादा प्रभावित करता हैं। एक मीडियम साइज सेब में 27 ग्राम कार्ब्स होते हैं, लेकिन उनमें से 4.8 फाइबर होते हैं। फाइबर कार्ब्स के पाचन और अवशोषण को धीमा कर देता है, जिससे वो ब्लड में शुगर का स्तर तेजी से नहीं बढ़ने देता। कई अध्ययनों से पता चलता है कि फाइबर टाइप 2 डायबिटीज के खिलाफ सुरक्षात्मक हो सकता है और कई प्रकार के फाइबर ब्लड शुगर के स्तर में सुधार कर सकते हैं।

कार्बोहाइड्रेट क्या हैं? कार्बोहाइड्रेट चीनी के अणु होते हैं। प्रोटीन और वसा के साथ ही कार्बोहाइड्रेट खाद्य पदार्थों और लिक्विड में पाए जाने वाले तीन मुख्य पोषक तत्वों में से एक है। हमारी बॉडी कार्बोहाइड्रेट को ग्लूकोज में तोड़ती है। ग्लूकोज या रक्त शर्करा शरीर की कोशिकाओं, ऊतकों और अंगों के लिए ऊर्जा का मुख्य स्रोत है।

सेब ब्लड शुगर को बेहद कम प्रभावित करता है: सेब ब्लड में शुगर के स्तर को मामूली प्रभावित करता हैं। सेब में चीनी होती है, लेकिन सेब में पाई जाने वाली अधिकांश चीनी फ्रुक्टोज होती है। जब पूरे फल में फ्रुक्टोज का सेवन किया जाता है, तो इसका ब्लड में शुगर के स्तर पर बहुत कम प्रभाव पड़ता है। साथ ही सेब में मौजूद फाइबर चीनी के पाचन और अवशोषण को धीमा कर देता है। इसका मतलब है कि चीनी रक्तप्रवाह में धीरे-धीरे प्रवेश करती है और रक्त शर्करा के स्तर को तेजी से नहीं बढ़ाती है।

सेब खाते समय इन बातों का रखें ध्यान:

  • सेब के साथ प्रोटीन का सेवन असरदार साबित होता है। आप सेब के साथ प्रोटीन रिच फूड जैसे भूने हुए मखाने और पीनट बटर का सेवन कर सकते हैं।
  • सेब का सेवन छिलके के साथ ही करें। एंटी ऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर सेब के छिलके बॉडी को बीमारियों से बचाते हैं।
  • शुगर के मरीज है तो सेब के जूस का सेवन नहीं करें। सेब का जूस निकालने पर उससे फाइबर अलग हो जाता है जिसकी वजह से ब्लड में शुगर का स्तर बढ़ सकता है।