Immunity Boosting Tips: वर्तमान समय में हर व्यक्ति अपनी इम्युनिटी को मजबूत करने की कोशिश में जुटा है। जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है, उन्हें न केवल कोरोना बल्कि दूसरी बीमारियों का खतरा भी कम होता है। हेल्दी रहने के लिए इम्युनिटी का मजबूत होना अति आवश्यक है। रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में कई घरेलू उपाय भी कारगर साबित होते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि आंवला और मोरिंगा से बना पेय पदार्थ इम्युनिटी बढ़ाने में मददगार है। आइए जानते हैं विस्तार से –
क्या हैं आंवला के फायदे: आंवला में प्रचुर मात्रा में विटामिन-सी पाया जाता है जो इम्युनिटी बढ़ाने में मददगार है। साथ ही, इसमें विटामिन ए, पॉलीफेनॉल और फ्लेवनॉइड्स प्रचुर मात्रा में मौजूद होते हैं। एक अध्ययन के मुताबिक आंवले में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेट्री गुण पाए जाते हैं जो सीजनल फ्लू के खतरे को कम करते हैं। आयुर्वेद में भी आंवला खाना फायदेमंद बताया गया है। माना जाता है कि इसके सेवन से शरीर में WBCs की संख्या बढ़ती है जिससे फ्री रैडिक्लस से लड़ने में मदद मिलती है और शरीर बीमारियों से दूर रहता है।
मोरिंगा यानी सहजन के लाभ: सहजन में एंटी-फंगल और एंटी-इंफ्लामेट्री गुण होते हैं जो लोगों को इंफेक्शन और सूजन से बचाते हैं। इसमें विटामिन सी भी होता है जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। साथ ही, मोरिंगा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स, क्लोरोजेनिक एसिड और राइबोफ्लेविन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इतना ही नहीं, ये एंटी-डिप्रेसेंट गुणों से भरपूर होते हैं और और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से लड़ने में भी कारगर होते हैं।
जानें इस ड्रिंक को घर पर बनाने की विधि: इसके लिए आपको आधा चम्मच मोरिंगा पाउडर या फिर 5 से 10 मोरिंगा के पत्तों, एक आंवले का रस और एक गिलास पानी की जरूरत होगी। सबसे पहले सहजन का चूर्ण या फिर इनके पत्तों को आंवले के रस के साथ मिलाकर ब्लेंड कर लें। फिर इसमें पानी मिलाकर दोबारा चलाएं और आपकी हेल्दी ड्रिंक तैयार है। आप इसका सेवन सुबह-सुबह कर सकते हैं।
क्या हैं दूसरे फायदे: मोरिंगा डायबिटीज, रक्तचाप, इंफेक्शन, मोटापा, हार्ट डिजीज के खतरे को कम करने में सहायक है। वहीं, आंवला भी ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में सहायक है। साथ ही, स्किन और बालों के लिए भी आंवला मददगार है।