पपीता एक ऐसा फल है जो लगभग पूरे साल मिलता है। पपीता का सेवन रोजाना किया जाए तो सेहत को अनगिनत फायदे होते हैं। औषधीय गुणों से भरपूर पपीता का सेवन पाचन को दुरुस्त करता है और पेट को साफ रखता है। इसमें मौजूद एंजाइन स्टूल पास करने में मदद करते हैं। इसका सेवन करने से पेट की सूजन,कब्ज और ब्लोटिंग की परेशानी से निजात मिलती है। पाचन से संबंधित बीमारियों का रामबाण इलाज है पपीता। कच्चा पपीता जिसे पेड़ पर पकने से पहले ही तोड़ा जाता है। ये पपीता सेहत के लिए बेहतरीन माना जाता है। ये कच्चा हरे रंग का फल वजन घटाने से लेकर घावों को भरने तक में असरदार साबित होता है। आइए जानते हैं कि कच्चा पपीता कैसे पाचन से लेकर किडनी तक की सेहत को दुरुस्त करता है। आइए कच्चा पपीता खाने के और भी कई फायदे जानते हैं।

कच्चा पपीता कैसे पाचन को रखता है दुरुस्त:

कच्चे पपीता का सेवन पाचन को दुरुस्त रखने में बेहद असरदार साबित होता है। डीके पब्लिशिंग की पुस्तक हीलिंग फूड्स के अनुसार कच्चे पपीते में डाइजेस्टिव एंजाइम पपैन सबसे ज्यादा होता है जो कोलन और आंत की सफाई करने में असरदार साबित होता है। इसका सेवन करने से कब्ज और एसिडिटी की परेशानी से निजात मिलती है।

वजन को कंट्रोल करता है पपीता:

कच्चा पपीता फाइबर से भरपूर होता है इसका सेवन करने से पेट लम्बे समय तक भरा रहता है। कच्चे पपीते में कैलोरी कम होती है और भरपूर स्टार्च होता है। इसका सेवन करने से वजन को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है।

कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करता है:

कई रिसर्च में ये बात सामने आ चुकी है कि कच्चा पपीता कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में असरदार साबित होता है। जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल हाई रहता है वो कच्चा पपीता खाएं दिल की सेहत दुरुस्त रहेगी।

ब्लड शुगर कंट्रोल करता है कच्चा पपीता:

एक रिपोर्ट के अनुसार कच्चा पपीता में एंटी डायबिटीज गुण मौजूद होते हैं। जिन लोगों का ब्लड शुगर हाई रहता है वो कच्चा पपीता का सेवन करें। कच्चा पपीता का सेवन आप सब्जी बनाकर कर सकते हैं।

किडनी को हेल्दी रखता है कच्चा पपीता:

कच्चा पपीते का सेवन करने से बॉडी से टॉक्सिन बाहर निकलते हैं। जब बॉडी में बनने वाले टॉक्सिन आसानी से बाहर निकलने लगते हैं तो किडनी को ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं होती। कच्चा पपीता किडनी को हेल्दी रखने में मदद करता है।

कब और कितना सेवन सेहत के लिए है फायदेमंद:

अगर आप रोज़ाना कच्चा पपीता का सेवन करना चाहते हैं तो 100 ग्राम पपीता का सेवन पर्याप्त है। आप पपीते के साथ ही उसके पत्तों का भी सेवन कर सकते हैं। पपीता का सेवन खाने से 2 घंटे पहले और खाने के दो घंटे बाद ही करें आपकी सेहत को बेहद फायदा होगा।