अमरूद एक ऐसा फल है जो लगभग पूरे साल मिलता है, लेकिन इस मौसम में अमरूद की बेहतरीन फसल आती है जो खाने में मज़ेदार लगती है। अमरूद पोषक तत्वों का ख़ज़ाना है। इसमें विटामिन सी भरपूर मौजूद होता है जो इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग बनाता है और बॉडी को हेल्दी रखता है। अमरूद विटामिन ए और बीटा-कैरोटीन का बेहतरीन स्रोत है जो आंखों की रोशनी बढ़ाने में सहायक होता हैं।
इस फल का स्वाद और गुण दोनों में अमृत है। इसका सेवन करने से वजन कंट्रोल रहता है। ब्लड शुगर के मरीजों के लिए दवाई की तरह असर करता है अमरूद का सेवन।
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट आचार्य बालकृष्ण के मुताबिक अमरूद को आयुर्वेद में रोगनाशक का नाम दिया गया है जिसका सेवन किसी भी वर्ग के लोग आसानी से कर सकते हैं। आयुर्वेद में अमरूद को त्रिदोषनाशक माना गया है। कई बीमारियों में अमरूद का सेवन दवाई की तरह असरदार होता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि अमरूद फल का सेवन कैसे सेहत के लिए फायदेमंद है।
पेट की सफाई करता है अमरूद
अमरूद एक ऐसा फल है जो पेट की सफाई करने में असरदार साबित होता है। पेट के रोगों का उपचार करने में ये फल औषधी है। इस फल का सेवन करने से कब्ज,गैस,अपच जैसी परेशानियों का उपचार होता है।
तनाव भी कम करता है ये फल
अमरुद का सेवन करने से तनाव भी कम होता है। इसका सेवन करने से मन खुश रहता है। आयुर्वेद में इस फल को मन को प्रसन्न रखने वाला फल भी कहा जाता है।
दिल को सेहतमंद रखता है ये फल
जिन लोगों का दिल कमजोर है वो इस फल का सेवन करें। इस फल का सेवन करने से दिल के रोगों से बचाव होता है और दिल हेल्दी रहता है। अगर आपको घबराहट और बेचैनी ज्यादा होती है तो आप अमरूद का सेवन करें। अमरूद का सेवन आप उसका मुरब्बा बनाकर भी कर सकते हैं।
आयुर्वेद के मुताबिक दिमाग को ताकत देता है अमरूद
अमरूद एक ऐसा फल है जो दिमाग को ताकत देता है। जो लोग दिमागी काम ज्यादा करते हैं और दिमागी थकान महसूस करते हैं वो रोज़ाना एक अमरूद का सेवन करें। अमरूद का सेवन दिमाग को हेल्दी रखता है। अमरूद दिमाग को रिचार्ज करता है और ऊर्जा में बढ़ोतरी करता है।
डायबिटीज करता है कंट्रोल
ये अमृत फल डायबिटीज को कंट्रोल करने में भी असरदार साबित होता है। अमरूद का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है जो शुगर के मरीजों के लिए फायदेमंद है। इसका सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। ये ब्लड में ग्लूकोज के स्तर को कंट्रोल करता है। रोजाना एक अमरूद का सेवन डायबिटीज को कंट्रोल करने में असरदार है।
अमरूद खाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- अमरूद में बीज होते हैं इसलिए इसके एक एक बाइट को चबा चबाकर खाएं।
- अमरूद को चबाकर खाएंगे तो आंतों की सफाई ठीक से होगी। अमरूद चबाकर खाने से आंतों पर दबाव कम पड़ेगा और आंते अपना काम ठीक से करेंगी।
- आप अमरूद कच्चा और पक्का हुआ दोनों तरह से सेवन कर सकते हैं।