कब्ज,एसिडिटी और पेट फूलने की परेशानी सेहत को पूरी तरह बिगाड़ देती है। गट हेल्थ में होने वाली परेशानी खाना-पीना तक दूभर कर देती है। कुछ लोगों का पाचन इतना ज्यादा खराब होता है कि वो कुछ भी खाते हैं तो उनके पेट में गैस बनने लगती है और उनका पेट गुब्बारे की तरह फूलने लगता है। पाचन से जुड़ी इस बीमारी के लिए खराब डाइट और बिगड़ता लाइफस्टाइल जिम्मेदार है। जो लोग लम्बे समय तक बैठकर काम करते हैं या फिजिकल एक्टिविटी कम करते हैं उनकी गट हेल्थ खराब रहती है।
अगर लम्बे समय तक पाचन की परेशानियां बनी रहे तो पेट और आंतों से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती है। पेट से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए किचन में मौजूद कुछ मसाले बेहद असरदार साबित होते हैं। हेल्थलाइन की खबर के मुताबिक जायफल एक ऐसा मसाला है जो पाचन को दुरुस्त करता है,गैस,एसिडिटी और कब्ज से निजात दिलाता है। आइए जानते हैं कि जायफल कैसे पेट से जुड़ी परेशानियों को दूर करता है और इसके सेहत के लिए कौन-कौन से फायदे हैं।
जायफल के फायदे
एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर जायफल की तासीर गर्म होती है जो मौसमी बीमारियों का उपचार करने में बेहद असरदार साबित होता है। इसका सेवन करने से सीजनल इंफेक्शन दूर होता है। जायफल फ़ाइबर का बेहतरीन स्रोत है। इसमें आयरन, ज़िंक, फॉस्फोरस, कॉपर, मैंगनीज़, विटामिन सी, विटामिन ई, विटामिन ए और मैग्नीशियम होता है जो बॉडी को जरूरी पोषक तत्व देता है। stylecraze के मुताबिक जायफल का सेवन अगर रेगुलर किया जाए तो अनिंद्रा की परेशानी से राहत पाई जा सकती है। डिपार्टमेंट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज की रिसर्च के मुताबिक जायफल के अर्क में एनाल्जेसिक गुण मौजूद होते हैं जो दर्द का उपचार करते हैं।
पाचन को कैसे ठीक रखता है जायफल
आर्युवेद में जायफल का सेवन कई बीमारियों का उपचार करने में किया जाता है। इसका सेवन गट हेल्थ में सुधार करने में बेहद उपयोगी है। खाने में इसका सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। फाइबर से भरपूर जायफल का सेवन करने से कब्ज से निजात मिलती है और एसिडिटी दूर होती है। जिन लोगों को पेट फूलने की परेशानी है वो इस मसाले का सेवन उसका पाउडर बनाकर करें।
कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि गैस,डायरिया और अपच की परेशानी में ये मसाला बेहद असरदार है। जायफल आंतों की गैस को दूर करने में फायदेमंद हो सकता है। जायफल पाचक प्रक्रिया को बढ़ावा देता है। इसका सेवन करने से पेट फूलना और पेट दर्द जैसी समस्याओं का इलाज होता है। जिन लोगों को कब्ज की परेशानी रहती है वो इसका सेवन करें।