ड्राईफ्रूट्स का सेवन करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। ड्राईफ्रूट्स में भी कुछ खास ड्राईफ्रूट्स का सेवन करने से इम्युनिटी में सुधार होता है और बॉडी का बीमारियों से बचाव होता है। मुनक्का एक ऐसा ड्राईफ्रूट है जो किशमिश की ही प्रजाति है। मुनक्का का सेवन करने से सेहत को अनगिनत फायदे होते हैं। मुनक्का का सेवन अगर रात को भिगोकर किया जाए तो उसके पोषक तत्वों में इज़ाफ़ा होता है। मुनक्का में फाइबर,विटामिन सी, जिंक, आयरन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो बॉडी को हेल्दी रखते हैं। मुनक्के में फोलिक एसिड, कॉपर और विटामिन B12 जैसे पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं जो शरीर में खून को बढ़ाने में मदद करते हैं।

यशोदा अस्पताल, हैदराबाद में सलाहकार जनरल फिजिशियन और डायबिटीज स्पेशलिस्ट डॉ. रंगा संतोष कुमार ने बताया कि मुनक्का को रात भर पानी में भिगोने से इसकी पौष्टिकता बढ़ जाती है और यह अधिक सुपाच्य हो जाता है। एक्सपर्ट के मुताबिक मुनक्का का सेवन भिगोकर करने से सूखी खांसी और श्वसन मार्ग की सूजन का उपचार होता है।

हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल्स के वरिष्ठ सलाहकार चिकित्सक डॉ. दिलीप गुडे ने बताया कि मुनक्का में पानी भरपूर होता है जो पाचन को इंप्रूव करता है और बॉडी को हाइड्रेट करता है। भीगा हुआ मुनक्का में नेचुरल शुगर मौजूद होते है जो बॉडी को एनर्जी देता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि मुनक्का का सेवन सेहत के लिए कैसे फायदेमंद है।

पाचन पर दिखता है असर

मुनक्का भिगोने से वो सॉफ्ट हो जाती है जिससे उसे पचाना आसान होता है। इस मुनक्का का सेवन करने से कब्ज से निजात मिलती है और पाचन दुरुस्त रहता है। फाइबर से भरपूर मुनक्का का सेवन करने से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है।

कब्ज की असरदार घुट्टी है मुनक्का

मुनक्का एक ऐसा असरदार ड्राईफ्रूट है जो कब्ज की नेचुरल दवा है। ये मल को सॉफ्ट करता है कब्ज को तोड़ता है। फाइबर से भरपूर मुनक्का का नियमित सेवन करने से मल सॉफ्ट होता है और कब्ज की बीमारी दूर होती है।

बढ़ता है आयरन अवशोषण

मुनक्का आयरन का बेहतरीन स्रोत है इसका सेवन भिगोकर करने से आयरन का अवशोषण बढ़ सकता है। जिन लोगों की बॉडी में खून की कमी है वो इसका सेवन रोजाना करें तो बॉडी में आयरन की कमी पूरी होती है। इसका सेवन भिगोकर करने से आयरन का अवशोषण तेजी से बढ़ता है। एनीमिया के मरीजों के लिए बेहतरीन नेचुरल दवा है मुनक्का।

एंटीऑक्सीडेंट को बढ़ाता है मुनक्का

मुनक्का में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो ऑक्सीडेटिव तनाव से निपटने, सूजन को कम करने और समग्र स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करते हैं।

बॉडी को एनर्जी देता है और हाइड्रेट भी करता है

मुनक्का में मौजूद नेचुरल शुगर बॉडी को एनर्जी देती है और बॉडी को हाइड्रेट करती है।