गर्मी में जामुन का सेवन सेहत पर जादुई असर करता है। वैसे तो सभी फ्रूट सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं लेकिन जामुन एक ऐसा फ्रूट है जो सेहत पर गजब का असर करती है। साइंस इस बात को साबित कर चुका है कि जामुन पोषक तत्वों का ख़ज़ाना है। इसमें ज्यादातर विटामिन मौजूद होते हैं लेकिन इसमें विटामिन ए और विटामिन सी की मात्रा ज्यादा होती है। विटामिन के अलावा जामुन में मिनरल्स भी होते हैं जिसमें आयरन और पोटैशियम की मात्रा ज्यादा होती है। जामुन एक ऐसा फल है जो कुदरत की तरफ से दिया गया एक तोहफा है। इस फल की तासीर ठंडी होती है और ये गर्मी में पैदा होता है। इसका सेवन करने से गर्मी में बॉडी की गर्मी कंट्रोल रहती है। आयुर्वेद के मुताबिक जामुन में पानी की मात्रा ज्यादा होती है जो बॉडी को हाइड्रेट रखती है।
आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं के एक्सपर्ट डॉक्टर सलीम जैदी के मुताबिक डायबिटीज मरीजों के लिए जामुन के फल,पत्तियां और गुठलियों सभी के अनगिनत फायदे हैं। जामुन के पत्ते, गुठलियों और तना सभी का इस्तेमाल आयुर्वेद में डायबिटीज की दवाओं को बनाने में किया जाता है।
जामुन में दो कंपाउंड मौजूद होते हैं जिनका नाम जम्बोलिन और जैम्बो सीन है। ये दोनों ही कंपाउंड ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में जादुई असर करते हैं। जामुन का सेवन करने से इंसुलिन के प्रोडक्शन में बढ़ोतरी होती है। डायबिटीज मरीज अगर रोजाना 250 ग्राम जामुन खाएं तो न सिर्फ ब्लड शुगर कंट्रोल रहेगी बल्कि बॉडी भी हाइड्रेट रहेगी। आइए जानते हैं कि जामुन के सेहत को कौन-कौन से फायदे हैं और इनका कितना सेवन और कब करना चाहिए।
जामुन वजन को करती है कंट्रोल
जामुन का सेवन करने से वजन कंट्रोल रहता है।अगर आप मोटे हैं और फैट को कम करना चाहते हैं तो जामुन आपके लिए एक बढ़िया फ्रूट है। इसका सेवन करने से बॉडी का फैट पिघलने लगता है। फाइबर से भरपूर जामुन पेट को लम्बे समय तक भरा हुआ रखती है और आपको ओवर ईटिंग से छुटकारा मिलता है। इसका सेवन करने से बॉडी में होने वाला पिलपिला पन दूर होता है।
पाचन रहता है दुरुस्त
जामुन का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। जामुन पाचन से जुड़ी परेशानियों को दूर करती है और पेट को ठंडा रखती है। जामुन के गुण शरीर और पाचन तंत्र को ठंडा रखने में मददगार साबित होते हैं।
स्किन के लिए भी है मुफीद
जामुन का सेवन स्किन के लिए बहुत मुफीद है। इसका सेवन करने से बढ़ती उम्र में होने वाली झुर्रियां कंट्रोल रहती है। पिंपल्स को दूर करने में ये बेहद उपयोगी है। स्किन के दाग-धब्बों को दूर करने में ये बेहद असरदार साबित होती है। विटामिन सी से भरपूर जामुन स्किन में कोलेजन का उत्पादन करती है। इसका सेवन करने से झुर्रियां और फाइन लाइन कम होती हैं।
हीमोग्लोबिन भी बढ़ता है
जामुन का सेवन करने से हीमोग्लोबिन भी बढ़ता है। हीमोग्लोबिन हमारे ब्लड के अंदर होता है जो ऑक्सीजन को पूरी बॉडी में पहुंचाने का काम करता है। हीमोग्लोबिन की कमी होने बॉडी में कमजोरी और थकान होने लगती है। आप भी बॉडी की कमजोरी को दूर करना चाहते हैं तो रोजाना जामुन का सेवन करें।
सीमित करें सेवन
जामुन सेहत के लिए फायदेमंद है लेकिन उसका सीमित सेवन ही करना चाहिए। जामुन का ज्यादा सेवन सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। ठंडी तासीर की जामुन बॉडी में वात दोष को बढ़ा सकती है। इसका सेवन करने से पेट में गैस बनने लगेगी और पेट फूलने लगता। एक्सपर्ट के मुताबिक आप एक दिन में 250 ग्राम जामुन का सेवन कई हिस्सों में बांट कर करें तो सेहत को फायदा होगा।