Yoga to Boost Immunity: सर्दियों का मौसम आते ही शरीर में कई तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं। ठंड बढ़ने के साथ-साथ शरीर की ऊर्जा कम हो जाती है, पाचन धीमा पड़ जाता है और सर्दी-खांसी जैसी समस्याएं बार-बार घेरने लगती हैं। धूप कम मिलने से इम्युनिटी भी कमजोर हो सकती है। ऐसे समय में सिर्फ खानपान पर ध्यान देना काफी नहीं होता, बल्कि शरीर को सक्रिय रखना भी उतना ही जरूरी होता है। ऐसे में योग आपके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है। योग एक ऐसा प्राकृतिक उपाय है, जो न सिर्फ शरीर को अंदर से गर्म रखता है, बल्कि ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करता है और बिना ज्यादा थकाए इम्युनिटी मजबूत बनाता है। तो चलिए ‘अक्षर योग’ के संस्थापक और अध्यक्ष हिमालयन सिद्धा अक्षर से जानते हैं सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने और सर्दी-खांसी से बचाव के लिए 6 असरदार योगासन के बारे में…

योग से कैसे बढ़ती है इम्युनिटी

हिमालयन सिद्धा अक्षर के अनुसार, नियमित योग अभ्यास से शरीर के महत्वपूर्ण अंग सक्रिय होते हैं। साथ ही, सही तरीके से सांस लेने और योग आसनों के अभ्यास से फेफड़े मजबूत होते हैं, पाचन सुधरता है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इतना ही नहीं, सर्दियों में किए जाने वाले कुछ खास योगासन शरीर में ऊर्जा बनाए रखते हैं और मौसमी बीमारियों से बचाव करते हैं।

ताड़ासन

ताड़ासन एक सरल लेकिन प्रभावी योगासन है। यह शरीर की मुद्रा को सुधारता है और मांसपेशियों को सक्रिय करता है। इस आसन से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है। सर्दियों में जब शरीर सुस्त महसूस करता है, तब ताड़ासन करने से शरीर में स्थिरता और ऊर्जा दोनों आती हैं। रोज सुबह कुछ मिनट ताड़ासन करने से दिनभर फुर्ती बनी रहती है।

सूर्य नमस्कार

सूर्य नमस्कार को सर्दियों के लिए सबसे बेहतरीन योग अभ्यास माना जाता है। इसमें पूरे शरीर की मूवमेंट होती है, जिससे शरीर में गर्मी पैदा होती है। यह पाचन को मजबूत करता है और इम्युनिटी को एक्टिव करता है। रोज 6 से 12 राउंड सूर्य नमस्कार करने से शरीर चुस्त रहता है और सर्दियों की सुस्ती दूर होती है।

भुजंगासन

ठंड के मौसम में सांस से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं। भुजंगासन छाती को खोलता है और फेफड़ों को मजबूत बनाता है। यह रीढ़ की अकड़न को भी दूर करता है, जो सर्दियों में आम समस्या होती है। इस आसन से शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह बेहतर होता है और ऊर्जा का स्तर बढ़ता है।

वज्रासन

सर्दियों में पाचन कमजोर हो जाता है, जिससे गैस और भारीपन महसूस होता है। वज्रासन एक ऐसा योगासन है, जिसे खाने के बाद भी किया जा सकता है। यह पाचन तंत्र को मजबूत करता है और पेट से जुड़ी समस्याओं को कम करता है। मजबूत पाचन का सीधा असर इम्युनिटी पर पड़ता है, इसलिए यह आसन सर्दियों में बेहद लाभकारी माना जाता है।

सेतु बंधासन

सेतु बंधासन शरीर में ब्लड सर्कुलेशन को तेज करता है और थायरॉयड ग्रंथि को सक्रिय करता है। हिमालयन सिद्धा अक्षर के अनुसार, यह आसन शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करता है। सर्दियों में होने वाली थकान और सुस्ती को दूर करने के लिए यह आसन काफी असरदार है।

बालासन

सर्दियों में न सिर्फ शरीर बल्कि मन भी भारी और तनावग्रस्त महसूस कर सकता है। बालासन मन को शांत करता है और शरीर को गहरी रिलैक्सेशन देता है। यह तनाव कम करता है और नींद को बेहतर बनाता है। योग अभ्यास के अंत में बालासन करने से शरीर और मन दोनों को आराम मिलता है।

निष्कर्ष

सर्दियों में खुद को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है। ये योग आसन और अभ्यास न सिर्फ शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं, बल्कि इम्युनिटी बढ़ाकर आपको मौसमी बीमारियों से भी बचाते हैं। नियमित योग अभ्यास से सर्दियों की सुस्ती दूर होती है और शरीर पूरे मौसम फिट बना रहता है।

डिस्क्लेमर

यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

गुहेरी के लक्षण धीरे-धीरे सामने आते हैं। शुरुआत में आंख की पलक पर हल्की लालिमा और सूजन दिखाई देती है। इसके बाद दर्द, जलन, आंखों में भारीपन और कभी-कभी पानी आने की शिकायत हो सकती है। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।