आजकल का खराब लाइफस्टाइल, जंक फूड का अधिक सेवन, स्ट्रेस और कम फाइबर वाले खाने की वजह से पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है, जिससे गैस, अपच, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। दरअसल, भागदौड़ और कामकाज की व्यस्तता के चलते फिजिकल एक्टिविटी कम हो गई और पाचन से जुड़ी समस्याएं बढ़ गई हैं। अगर, आपका पेट ठीक से साफ नहीं हो पा रहा है तो यह खाना पचाने की दिक्कत है। ऐसे में आपको अपनी डाइट में कुछ नेचुरल चीजें शामिल करनी चाहिए। जिनकी मदद से पांचन तंत्र भी एक्टिव हो जाएगा और पेट की कोने-कोने से सफाई भी हो जाएगी। दिल्ली की एसेंट्रिक डाइट्स क्लीनिक की डायटिशियन शिवाली गुप्ता ने डाइजेशन को अच्छा बनाए रखने के लिए पांच चीजें बताई है।
गुनगुना पानी और नींबू
पाचन तंत्र मजबूत बनाए रखने के लिए रोज सुबह खाली पेट गुनगुना पानी पीना बहुत फायदेमंद हो सकता है। इससे पाचन अच्छा होगा और पेट भी अच्छे से साफ हो जाएगा। गुनगुने पानी में नींबू का रस और एक चुटकी काला नमक मिलाकर पीने से और फायदा मिलता है। इससे गैस, एसिडिटी और कब्ज की समस्या दूर होती है। यह लिवर को डिटॉक्स करता है और मेटाबॉलिज्म बूस्ट करने में असरदार होता है।
दही या छाछ
पाचन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए दही और छाछ फायदेमंद होती है। दही और छाछ में प्रोबायोटिक्स यानी अच्छे बैक्टीरिया होते हैं, जो आंतों को हेल्दी रखते हैं और पाचन को सुधारते हैं। छाछ में अजवाइन या भुना हुआ जीरा डालकर पीने से एसिडिटी और अपच की समस्या दूर होती है। इसके अलावा रोजाना दही खाने से पेट की जलन, गैस और कब्ज की समस्या दूर हो जाएगी।
सौंफ
आपने कई बार ढाबे या रेस्टोरेंट में खाने के बाद सौंफ जरूर खाई होगी, क्योंकि खाना खाने के बाद आधा चम्मच सौंफ चबाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है। इससे पेट में गैस बनने का खतरा दूर रहता है और पेट दर्द में तुरंत आराम मिलता है। इसे गुनगुने पानी के साथ लेने से पेट हल्का रहता है और डाइजेशन बेहतर होता है।
पपीता
पाचन के लिए पपीता बहुत असरदार माना जाता है। पपीते में मौजूद पपेन एंजाइम पाचन में मदद करता है और भारी खाना भी आसानी से पच जाता है। इसके अलावा हाई फाइबर युक्त फल खाने से सभी पाचन तंत्र अच्छा होता है। सेब, नाशपाती, केला और अमरूद जैसे फल पाचन को बेहतर बनाते हैं और कब्ज दूर करते हैं। रोजाना सीमित मात्रा में पपीता खाने से एसिडिटी और पेट की सूजन कम होती है।
अदरक वाली हर्बल टी
पाचन के लिए हर्बल टी अच्छी मानी जाती है। अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी और डाइजेस्टिव गुण होते हैं, जो अपच, गैस और सूजन को कम करते हैं। गुनगुने पानी में अदरक डालकर चाय बनाएं और भोजन के बाद पिएं। इसमें हल्दी, सौंफ या पुदीना मिलाने से पाचन तंत्र और भी मजबूत हो जाता है।
वहीं, अगर आपको खाना खाने के बाद भारीपन या एसिडिटी महसूस होती है तो खाने के बाद कुछ आदतों को अपनाने से पेट फूलना, कब्ज, गैस और दस्त जैसी आम पाचन समस्याओं को रोकने में मदद मिलती है।