फलों का सेवन हमेशा से ही स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभकारी होता है। ऐसा ही एक फल अनार है, जो न सिर्फ स्वादिष्ट और पौष्टिक फल है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। वो कहावत है ना, ‘रोज एक अनार, सौ बीमारों पर भारी’ ये सिर्फ कहने के लिए ही नहीं, बल्कि इसे हेल्थ एक्सपर्ट भी सच मानते हैं। दरअसल, अनार में एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स, मिनरल, फाइबर  और फाइटोकेमिकल्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर की इम्यूनिटी बूस्ट करने के साथ-साथ कई बीमारियों से बचाता है। डायटेटिक प्लेस की फाउंडर और न्यूट्रिशनिस्ट साक्षी सिंह ने अनार के फायदे बताए हैं।

हार्ट हेल्थ

रोजाना अनार खाना या उसका जूस पीना दिल के लिए बहुत अच्छा हो सकता है। 2012 में ‘हृदय रोगों से अनार की सुरक्षा’ पर हुए एक शोध से पता चला है कि अनार का सेवन ब्लड प्रेशर को कम करने और हार्ट प्रणाली में ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करके धमनियों की रक्षा करने में कैसे मदद कर सकता है। इसका मतलब है कि अनार शरीर को हानिकारक मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से लड़ने में मदद करता है। अध्ययन में यह भी पाया गया कि अनार का जूस कोलेस्ट्रॉल के जमाव की संभावना को कम कर सकता है, रक्त वाहिकाओं में अस्वास्थ्यकर वसा के निर्माण को रोक सकता है और एथेरोस्क्लेरोसिस के जोखिम को कम कर सकता है। अनार में मौजूद पॉलीफेनॉल्स और एंथोसायनिन्स दिल की धमनियों को साफ रखने में मदद करते हैं। नियमित रूप से सुबह खाली पेट अनार खाने दिल के दौरे और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से बचाव होता है।

स्किन हेल्थ

अनार के जूस में मौजूद विटामिन A, C और E स्किन की कोशिकाओं को रिपेयर करते हैं और झुर्रियों से बचाते हैं। अनार एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। रोजाना का सेवन करने पर त्वचा को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाव होता है और कोलेजन के निर्माण को बढ़ावा मिलता है। इससे त्वचा चमकदार और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया धीमी हो जाएगी। इसके अलावा अनार का सेवन करने से बालों को भी मजबूती मिलती है। ये स्कैल्प को पोषण देने में भी लाभदायक है।

ब्रेन हेल्थ

कई अध्ययनों के मुताबिक, अनार में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स दिमाग में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को नहीं होने देता है और दिमाग में किसी प्रकार की सूजन को होने से रोकता है। इसके नियमित सेवन से अल्जाइमर और डिमेंशिया जैसे न्यूरोलॉजिकल जैसी समस्या का खतरा कम होता है। दिमाग के लिए अनार का सेवन किसी वरदान से कम नहीं माना जाता।

बीपी-शुगर कंट्रोल

अनार में प्राकृतिक मिठास होती है, जिससे शरीर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स तेजी से नहीं बढ़ता है। डायबिटीज के मरीज अनार का सीमित मात्रा में इस्तेमाल करते हैं तो उन्हें कई फायदे मिलते हैं। वहीं, इसमें मौजूद पोटेशियम और नाइट्रेट्स ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखते हैं।

पाचन तंत्र मजबूत

अनार में घुलनशील और अघुलनशील दोनों तरह के फाइबर प्रचुर मात्रा में होते हैं और इसके बीज प्रीबायोटिक्स की तरह काम करते हैं। इसलिए अनार का सेवन पाचन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। 2017 के एक अध्ययन से पता चलता है कि अनार या इसका जूस उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है, जिन्हें सूजन आंत्र रोग (आईबीडी) और अन्य आंत्र संबंधी समस्याएं हैं, क्योंकि इसमें पॉलीफेनॉल की मात्रा अधिक होती है।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।