Diabetes Fruits List: डायबिटीज (Diabetes) मरीजों को खानपान में बेहद सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है, क्योंकि जरा सी लापरवाही आपका ब्लड शुगर बढ़ा सकती है, जो जानलेवा हो सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक डायबिटीज में खानपान को लेकर कई तरह के भ्रम भी हैं। जिसमें से एक है कि शुगर (Blood Sugar) के मरीजों को आम नहीं खाना चाहिए। लेकिन देश के जाने-माने डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. अनिल भोरास्कर (Dr. Anil Bhoraskar) की राय इससे बिल्कुल अलग है।

मुंबई के एसएल रहेजा हॉस्पिटल के कंसल्टेंट डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. अनिल भोरास्कर (Dr. Anil Bhoraskar) अपने एक वीडियो में बताते हैं कि तमाम लोग कहते हैं कि डायबिटीज में आम बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। यह बहुत दुखद है। डायबिटीज के मरीज आम खा सकते हैं, लेकिन इसकी मात्रा और टाइमिंग का ध्यान बहुत जरूरी है।

डॉ. भोरास्कर कहते हैं कि डायबिटीज मरीजों को हर दिन सिर्फ एक आम खाना चाहिए और उसके भी टुकड़े करके थोड़ा-थोड़ा। यह भी ध्यान रखें कि खाना खाने के घंटे भर बाद ही फ्रूट खाएं। ऐसे में यह नुकसानदायक नहीं होगा। लेकिन कई बार लोग क्या करते हैं दिन में चार-पांच आम खा लेते हैं, जो बहुत खतरनाक साबित हो सकता है।

डायबिटीज (Diabetes) और ग्लाइसेमिक इंडेक्स का क्या कनेक्शन?

रेडक्लिफ लैब्स से जुड़े डॉ. अरविंद कुमार अपने एक वीडियो में कहते हैं कि ग्लाइसेमिक इंडेक्स से मतलब यह है कि कितनी तेजी से शुगर बॉडी में रिलीज होता है। कुछ फ्रूट्स का जल्दी रिलीज होता है और कुछ का धीरे-धीरे। इसीलिये शुगर के मरीजों को लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल खाने की सलाह दी जाती है।

Low Glycemic Index FruitsHigh Glycemic Index Fruits
पपीतातरबूज
सेबकेला
संतराअनानास
मौसमीखजूर (डेट्स)
किवीअंगूर

क्या फल न खाने से शुगर ठीक हो जाएगा?

डॉ. अरविंद कहते हैं कि डायबिटीज (Diabetes) पेशेंट को फ्रूट्स को पूरी तरह अवाइड करना चाहिए, ऐसा बिल्कुल नहीं है। हां…फ्रूट जूस से बिल्कुल बचना चाहिए। वह कहते हैं कि फ्रूट्स में कई तरह के विटामिन, मिनरल्स और एंटी ऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बेहद जरूरी हैं और कई दूसरी बीमारियों से बचाते हैं।

डॉ. अरविंद कुमार भी डॉ. भोरास्कर की बात से इत्तेफाक रखते हैं। वह कहते हैं कि आम (Mango) मीडियम ग्लाइसेमिक इंडेक्स कैटेगरी में आता है। शुगर के मरीज सिमित मात्रा में इसका सेवन कर सकते हैं।

डायबिटीज के मरीज कब फल खा सकते हैं?

डॉ. अरविंद कुमार कहते हैं कि डायबिटीज (Diabetes) मरीजों को किसी मेजर मील यानी भोजन के कम से कम 2 घंटे के बाद ही फ्रूट्स खाना चाहिए। साथ ही यह भी ध्यान रखें कि खाने के साथ फ्रूट्स बिल्कुल न खाएं।

शुगर में कितना फल खा सकते हैं?

डायबिटीज (Diabetes) मरीज हर दिन 70 से 100 ग्राम तक फल खा सकते हैं और एक बार में एक तरह का ही फल खाना चाहिए। दिन में 3 बार फल ले सकते हैं।