Year Ender 2025: ये साल कुछ ही दिनों में खत्म होने वाला है और हर कोई उम्मीद कर रहा है कि आने वाला साल खुशहाली लेकर आऐ। 2025 काफी दुखद रहा है, क्योंकि इंडस्ट्री ने कई अभिनेताओं और गायकों को खोया। हाल ही में धर्मेंद्र, कामिनी कौशल और सुलक्षणा पंडित का निधन हुआ और इनसे पहले भी सतीश शाह, पंकज धीर, जुबीन गर्ग और कई अन्य कलाकारों के निधन की खबरों ने फैंस को तोड़ दिया। इस खबर में हम आपको उन सभी स्टार्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें हमने इस साल खोया।
धर्मेंद्र
ये साल जाते-जाते सबसे बड़ा दुख धर्मेंद्र के चाहने वालों को दे गया। धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई थी। धर्मेंद्र ने मुंबई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली थी। उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले श्मशान घाट में किया गया था। वह कई दिनों से बीमार थे और 11 नवंबर को उनके देहांत की अफवाह भी फैली थी, मगर परिवार ने बताया कि ये झूठी अफवाह है और बताया था कि उनकी तबीयत में आराम हो रहा है। फैंस लगातार उनकी अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना कर रहे थे, तभी अचानक 24 नवंबर को उनके घर के बाहर एंबुलेंस देखी गई और कुछ ही देर में पता चला कि सबसे प्रिय धर्मेंद्र इस दुनिया में नहीं रहे।

मनोज कुमार
मनोज कुमार का निधन 4 अप्रैल 2025 को 87 वर्ष की आयु में हुआ था। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली थी। जहां वे दिल और लिवर की बीमारी से जूझ रहे थे। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मृत्यु मायोकार्डियल इन्फार्क्शन के कारण होने वाले कार्डियोजेनिक शॉक के कारण हुई थी। वे डीकंपेंसेटेड लिवर सिरोसिस से भी जूझ रहे थे।
यह भी पढ़ें: ‘माशाल्लाह, क्या कमाल की फिल्म है’, ‘धुरंधर’ की पाकिस्तान में हो रही तारीफ, इस सीन पर फिदा हो रहे लोग

गोवर्धन असरानी
असरानी का निधन 20 अक्टूबर 2025 को 84 वर्ष की आयु में हुआ था। उन्होंने मुंबई के जुहू स्थित आरोग्य निधि अस्पताल में आखिरी सांस ली थी। जहां वे फेफड़ों में पानी भरने की शिकायत के कारण भर्ती थे। असरानी की पत्नी मंजू असरानी ने बताया कि उन्होंने अपने पति की इच्छा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार गुप्त रूप से किया गया। उनका अंतिम संस्कार सांताक्रूज श्मशान घाट पर किया गया था, जहां उनके परिवार और करीबी दोस्तों ने उन्हें अंतिम विदाई दी थी।

कामिनी कौशल
कामिनी कौशल का निधन 14 नवंबर 2025 को 98 वर्ष की आयु में हुआ था। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं और उन्होंने मुंबई स्थित उनके घर में आखिरी सांस ली थी। उन्होंने धर्मेंद्र के साथ भी फिल्म में काम किया था, वो धर्मेंद्र की पहली हीरोइन थीं।

सतीश शाह
सतीश शाह का निधन 25 अक्टूबर 2025 को 74 वर्ष की आयु में हुआ था। उनका निधन मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में किडनी फेल होने के कारण हुआ था। वे लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे।

पंकज धीर
पंकज धीर का निधन 15 अक्टूबर 2025 को 68 वर्ष की आयु में हुआ था। उनका निधन कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद हुआ था। वे बी.आर. चोपड़ा की ऐतिहासिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में कर्ण की भूमिका निभाने के लिए जाने जाते थे। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर किया गया था।

सुलक्षणा पंडित
सुलक्षणा पंडित का निधन 6 नवंबर 2025 को 71 वर्ष की आयु में हुआ था। उनका निधन मुंबई के नानावती अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ था। वे लंबे समय से बीमार थीं और उनके निधन से संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर फैल गई थी। सुलक्षणा पंडित एक प्रसिद्ध गायिका और अभिनेत्री थीं, जिन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कई यादगार फिल्मों में अभिनय किया था और उनकी आवाज को आज भी याद किया जाता है।

शेफाली जरीवाला
शेफाली जरीवाला का निधन 27 जून 2025 को 42 वर्ष की आयु में हुआ था। उन्हें मुंबई में अपने आवास पर कार्डियक अरेस्ट हुआ था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

