Sushant Singh Rajput: सुशांत सिंह राजपूत की मौत के 43 दिन बाद अब उनके पिता केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना में एफआईआर दर्ज कराई है। 7 पन्नों के एफआईआर में सुशांत के पिता ने रिया पर सुशांत संग धोखाधड़ी करने और सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इससे पहले मुंबई पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज किए थे, जिसमें सुशांत की फैमिली में से किसी ने भी रिया का नाम नहीं लिया था।

अब करीब डेढ़ महीने बाद सुशांत की फैमिली ने मामले में मुकदमा लिखाया है, इसको लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि आखिर परिवार 43 दिनों तक चुप क्यों था? इस बारे में सुशांत के परिजनों का कहना है कि पहले उन्हें रिया चक्रवर्ती पर शक नहीं था। लेकिन तमाम तथ्य सामने आने के बाद रिया पर शक गहराया। इसके बाद ही एफआईआर दर्ज कराने का फैसला लिया गया। डीएनए की एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुशांत के परिवार से रिया को लेकर जांच में कई बार सवाल किए गए थे, लेकिन तब किसी ने भी रिया का नाम नहीं लिया था।

सुशांत के परिवार ने पहले नहीं लिया था रिया चक्रवर्ती का नाम! : रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सुशांत के पिता और जीजा ने मुंबई पुलिस के जॉइंट सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) से भी मुलाकात की थी। तब भी रिया को लेकर इस तरह की कोई बात नहीं की गई थी। सुशांत की तीन कंपनियां थीं, जिसकी मुंबई पुलिस अभी भी जांच कर रही है। इनमें से कुछ कंपनियों में रिया और उनके भाई शॉविक की भी हिस्सेदारी थी।

FIR के बाद रिया ने अग्रिम जमानत के लिए किया आवेदन: रिपोर्ट्स के मुताबिक सुशांत के परिवार द्वारा रिया पर एफआईआर के बाद अब वे अग्रिम जमानत याचिका दायर करने की तैयारी में हैं। एफआईआर की खबर के बाद रिया ने अपने वकील से मुलाकात की थी। इसके बाद रिया की वकील आनंदिनी फर्नांडिस को उनकी बिल्डिंग के नीचे देखा गया। रिया और उनकी बातचीत करीब तीन घंटे चली। इसके बाद वकील को रिया चक्रवर्ती के घर से बाहर निकलते हुए देखा गया।

मुंबई पुलिस ने इकट्ठा किए सबूत, अब दोबारा जांच करेगी पटना पुलिस : इधर, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- पटना पुलिस मुंबई पुलिस द्वारा इकट्ठा किए गए अभी तक के सारे सबूतों की दोबारा जांच करेगी। सुशांत के पिता ने अपने 7  पन्नों की कंप्लेंट पटना के राजीव नगर पुलिस स्टेशन में दी थी। जिसमें उन्होंने रिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसमें कहा गया है कि सुशांत को रिया ने अपने कंट्रोल में कर लिया था। उनके क्रेडिट कार्ड से लेकर सभी आईडी पासवर्ड तक रिया ने जब्त कर लिए थे। परिवार को उनसे मिलने नहीं दिया जाता था। पैसे और जेवर भी हड़पने का आरोप है।