South Actors Failed in Bollywood: साउथ हो या फिर बॉलीवुड, एक्टर्स किसी भी इंडस्ट्री में काम के लिए तैयार रहते हैं। केवल शर्त यही होती है कि स्क्रिप्ट अच्छी हो। बॉलीवुड में आज हर कोई काम करना चाहता है। नए एक्टर से पूछ जाए तो वो सबसे पहले बॉलीवुड में काम करने की इच्छा जताएगा। अन्य इंडस्ट्री के कलाकार भी हिंदी सिनेमा जगत में काम करने की इच्छा रखते हैं। ऐसे में आज हम आपको साउथ स्टार्स के बारे में बताएंगे, जिन्होंने बॉलीवुड में करियर शुरू तो करना चाहा मगर पहली ही बार में ये फ्लॉप हो गया। जैसे ‘लाइगर’ से विजय देवरकोंडा ने हिंदी में डेब्यू किया और उनकी पहली मूवी ही फ्लॉप हो गई। चलिए जानते हैं बाकी के एक्टर्स के बारे में…
मोहनलाल
मोहनलाल, साउथ के सबसे पॉपुलर एक्टर हैं। यहां पर उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। लोग उन पर और उनकी फिल्मों पर खूब प्यार लुटाते हैं। वो भले ही साउथ के स्टार हैं मगर बॉलीवुड में सिक्का नहीं जमा पाए। उन्हें पहली बार राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘कंपनी’ में देखा गया था। इसके बाद वो उन्हीं की फिल्म ‘आग और तेज’ में दिखे मगर बॉलीवुड में सिक्का जमाने में फेल हो गए।
अजित कुमार
थाला अजित कुमार, साउथ के मोस्ट टैलेंटेड एक्टर हैं। वो ना केवल एक्टर बल्कि एक बेहतरीन बाइक राइडर भी हैं। उनकी एक्टिंग और फिल्मों के लोग दीवाने हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि वो शाहरुख खान की फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर चुके हैं? अगर नहीं तो चलिए हम बताते हैं। उन्हें पहली बार बॉलीवुड में शाहरुख की फिल्म ‘अशोका’ में देखा गया था। ये उनकी पहली और आखिरी हिंदी फिल्म रही थी।
अक्किनेनी नागार्जुन
अक्किनेनी नागार्जुन, साउथ में ‘डॉन’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। साउथ में उनकी पॉपुलैरिटी किसी बॉलीवुड स्टार से कम नहीं है। वो हिंदी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। इसमें ‘LOC कारगिल’ और ‘ब्रह्मास्त्र’ जैसी मूवीज शामिल हैं। लेकिन, वो भी बॉलीवुड में अपना सिक्का जमाने में असफल रहे हैं। हां, दक्षिणी सिनेमा जगत में उनके आगे तो अच्छे-अच्छे भी पानी भरते हैं।
ममूटी
एक्टर ममूटी साउथ के सुपरस्टार्स में से एक हैं। उन्होंने भी बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाई है। वो साल 1993 में फिल्म ‘धरतीपुत्र’ में नजर आए थे। लेकिन उनका बॉलीवुड करियर भी कुछ खास नहीं रहा। बाकी एक्टर्स के जैसे ही वो भी हिंदी सिनेमा जगत में लोहा मनवाने में असफल रहे थे।
नीतिन
साउथ इंडस्ट्री के पॉपुलर एक्टर नीतिन (Nithin) ने भी बॉलीवुड में किस्मत आजमाई है। वो ‘अज्ञात’ (Agyaat) में नजर आए थे। इसे राम गोपाल वर्मा द्वारा निर्देशित किया गया था। हालांकि, वो साउथ के जैसे बॉलीवुड दर्शकों को इंप्रेस करने में असफल रहे।
विजय देवरकोंडा
विजय देवरकोंडा इन दिनों अपकमिंग फिल्म ‘कुशी’ को लेकर चर्चा में हैं। इसमें वो सामंथा के साथ रोमांस करते दिखाई देंगे। इससे पहले वो फिल्म ‘लाइगर’ में दिखे थे। इससे उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसमें उनके साथ एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने रोमांस किया था। हालांकि, उनकी ये मूवी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप रही थी।
राम चरण
‘RRR’ और ‘मगधीरा’ जैसी फिल्मों से एक्टिंग का लोहा मनवा चुके एक्टर राम चरण की पॉपुलैरिटी हिंदी और साउथ दोनों में है। वो भी बाकी एक्टर्स के जैसे ही बॉलीवुड में किस्मत आजमा चुके हैं। वो पहली बार प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म ‘जंजीर’ में दिखे। फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। मगर इस मूवी के बाद उनके और देसी गर्ल के अफेयर के चर्चे खूब रहे थे।