बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान के लाखों दीवाने हैं। उनकी एक्टिंग और उनका अंदाज सभी के दिल को पसंद आता है। शाहरुख ने माधुरी से लेकर दीपिका तक लगभग सभी अभिनेत्रियों के साथ काम किया है। बॉलीवुड में कौन होगा जो उनके साथ काम नहीं करना चाहेगा। लेकिन एक ऐसी अभिनेत्री हैं, जिन्होंने उनके साथ स्क्रीन शेयर करने से इनकार कर दिया था।
ये अभिनेत्री हैं, कॉलीवुड की लेडी सुपरस्टार उर्फ नयनतारा। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि उन्हें एक बार शाहरुख खान की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में दीपिका पादुकोण के रोल के लिए नहीं बल्कि ‘वन टू थ्री फोर’ गाने के लिए ऑफर किया गया था। इस किरदार को बाद में प्रियामणि पर फिल्माया गया था। बता दें, अभिनेत्री ने बड़े ही विनम्र तरीके से इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था। हालांकि उन्होंने इसके पीछे का कारण नहीं बताया था।
बाद में फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ एक ब्लॉकबस्टर बनकर सामने आई और इससे शाहरुख खान को जबरदस्त सफलता हासिल हुई। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख और दीपिका के अलावा सत्यराज, निकितिन धीर और कामिनी कौशल भी अहम भूमिका में नजर आए थे। वहीं इस फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर करीब 400 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
नयनतारा के काम की बात करें तो उन्हें आखिरी बार रजनीकांत के साथ फिल्म ‘अन्नात्थे’ में देखा गया था। इस फिल्म को ब्लॉकबस्टर निर्देशक सिरुथाई शिवा द्वारा अभिनीत किया गया था। वहीं नयनतारा को ‘राजा रानी’, ’अरम’, ‘इमैका नोदिएगल’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
शाहरूख खान के करियर की बात करें तो उन्होंने एक्टिंग की शुरुआत टेलीविजन से की थी। उन्होंने टीवी जगत में ‘दिल दरिया’, ‘फौजी’, ‘सर्कस’ जैसे सीरियल्स से काम करके अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘दीवाना’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मनित किया गया था। इस फिल्म के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा, वो लगातार सफलता हासिल करते गए।
उन्होंने ‘दीवाना’, ‘बाजीगर’, ‘दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे’, ‘डर’, ‘परदेस’, ‘कभी हां कभी ना’, ‘दिल तो पागल है’, ‘मोहब्बतें’, ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘चक दे इंडिया’,’ओम शांति ओम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी सुपरहिट फिल्में बॉलीवुड को दी है। वहीं शाहरुख को आखिरी बार अनुष्का शर्मा के साथ ‘जीरो’ फिल्म में देखा गया था। लंबे समय के बाद शाहरुख खान एक बार फिर स्क्रीन पर लौट रहे हैं, वो जल्द ही सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ‘पठान’ में नजर आएंगे।