हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर जावेद खान अमरोही का 14 फरवरी को निधन हो गया है। उनके निधन पर बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक जावेद लंबे समय से बीमार थे। उन्हें सांस संबंधी बीमारी हो गई थी, जिसके कारण वह एक साल से बिस्तर पर थे। हाल ही में उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें सांताक्रूज के सूर्या नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। उनके दोनों फेफड़े फेल हो गए थे, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
इन एक्टर्स ने दी श्रद्धांजलि
जावेद खान अमरोही के निधन पर सुनील शेट्टी से लेकर शबाना आजमी ने शोक व्यक्त किया है। सुनील शेट्टी, जावेद खान अमरोही के निधन से बेहद दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा,”सिनेमा की दुनिया के लिए ये बहुत ही बड़ा नुकसान है। जावेद खान अमरोही हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे, परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं ‘।”
अखिलेंद्र मिश्रा ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,”विनम्र श्रद्धांजलि जावेद खान साहब। बेहतरीन अभिनेता, वरिष्ठ रंगकर्मी, इप्टा के सक्रिय सदस्य। आपको बता दें कि बॉलीवुड के साथ-साथ जावेद खान अमरोही ने टेलीविजन और थिएटर में भी खूब काम किया।”
शबाना ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अमरोही के साथ में अपनी एक ब्लैक एंड व्हाइट शेयर करते हुए लिखा,”ये सुनकर बहुत ही ज्यादा झटका लगा कि जावेद खान अमरोही अब हमारे बीच नहीं रहें। वह इंडियन पीपल थिएटर एसोसिएशन (IPTA)के सबसे मंझे हुए कलाकार में से एक थे। उनके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं।”
आपको बता दें कि जावेद ने अपने करियर में 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। ‘लगान’ के अलावा उन्होंने ‘अंदाज अपना अपना’ और ‘चक दे इंडिया’ में भी कमाल का अभिनय किया था। इसके अलावा जावेद को टीवी सीरियल ‘मिर्जा गालिब’ में उनके किरदार के लिए जाना जाता है। उन्होंने परेश रावल, अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी की मशहूर फिल्म ‘फिर हेरा फेरी’ में भी काम किया है। इस फिल्म में जावेद ने पुलिस कॉन्स्टेबल का किरदार निभाया था।
जावेद खान अमरोही को साल 2001 की फिल्म ‘लगान’ में उनके किरदार के लिए जाना जाता है,इसके लिए उन्हें ऑस्कर अवॉर्ड के लिए बेस्ट एक्टर कैटेगरी में नॉमिनेट भी किया गया था।